लुधियाना में जालंधर बाईपास रोड पर जैक्सन पेट्रोल पंप के बिल्कुल सामने एक तेज रफ्तार वाहन (कहा जा रहा है कि बस) ने एक्टिवा सवार एक व्यक्ति को बुरी तरह कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान सुखविंदर उर्फ सोनू के रूप में हुई है जिसकी उम्र करीब 36-40 वर्ष थी। वह मूल रूप से सलेम टाबरी इलाके की भटियां कॉलोनी का रहने वाला था और पेशे से कपड़े की कटिंग (कटर मास्टर) का काम करता था। घटना की जानकारी देते हुए मृतक के दोस्त लक्की ने बताया कि सोनू सुंदर नगर में काम करता था। रात को जब वह अपना काम खत्म करके वापस घर लौट रहा था तभी बाईपास पर यह भयानक हादसा हुआ।
लक्की भी उसी रास्ते से गुजर रहा था। जब उसने वहां भारी जाम लगा देखा तो आगे जाकर चेक किया। वहां सड़क पर गिरी हुई एक्टिवा देखकर उसने पहचान लिया कि यह गाड़ी उसके दोस्त सोनू की है। वहां मौजूद लोगों के अनुसार एक बस उसे कुचलते हुए ऊपर से निकल गई है। मृतक शादीशुदा था, लेकिन उनका कोई बच्चा नहीं है। परिवार वालों की मांग है कि उन्हें इंसाफ मिलना चाहिए और आरोपी को जल्द पकड़ा जाना चाहिए। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस: घटना की सूचना मिलते ही सलेम टाबरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी सिंगारा सिंह ने बताया कि 112 पर हादसे की सूचना मिली थी जिसके बाद तुरंत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अभी तक टक्कर मारने वाले वाहन की स्पष्ट पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हादसे के सही कारणों और वाहन का पता लगाया जा सके। परिवार के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

