लुधियाना जिले से डेहलों थाना इलाके के अंतर्गत निहंग सिंहों ने तीन युवकों को नशे (चिट्टे) की खेप के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। चौंकाने वाली बात यह रही कि पकड़े गए तीन युवकों में से दो ने पुलिस की वर्दी पहन रखी थी। उन्होंने काले रंग की टी-शर्ट (जिस पर पंजाब पुलिस का लोगो लगा था) और खाकी पैंट पहनी हुई थी। निहंग सिंहों ने गुस्से में आकर इन युवकों को खंभे से बांधा और चप्पलों से उनकी जमकर पिटाई की। बाद में उन्हें असली पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस मामले में पुलिस ने 22 तारीख को FIR दर्ज कर ली है। खिलाफ NDPS एक्ट के तहत 22 सितंबर को मामला दर्ज कर लिया गया है। वायरल वीडियो में क्या है? खंभे से बांधकर पीटा सामने आए वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि निहंग सिंह काफी गुस्से में हैं। वे पुलिस जैसी वर्दी (काली टी-शर्ट और खाकी पैंट) पहने एक युवक को घेरकर खड़े हैं और उसे एक खंभे से लगाकर उसकी चप्पलों और हाथों से पिटाई की जा रही है। मार पड़ने के बाद आरोपी घबरा जाता है और हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाने लगता है। वीडियो में निहंग सिंह उससे कड़ाई से पूछताछ कर रहे हैं। निहंग उससे पूछते हैं, तू किस थाने से है घबराहट में आरोपी जवाब देता है, डेहलों इसके बाद निहंग सिंह गुस्से में पूछते हैं गाड़ी में चिट्टा (ड्रग्स) क्या कर रहा था भीड़ में मौजूद लोग भी इस पूरी घटना का वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं। 22 तारीख को मामला दर्ज, कौन हैं आरोपी घटना के बाद पुलिस द्वारा 22 तारीख को दर्ज की गई एफआईआर (FIR) भी सामने आ गई है,जिसमें पूरी घटना का ब्यौरा है
गांव गोपालपुर की दाना मंडी से पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है – अजय शर्मा , आकाशदीप और गुरकीरत सिंह। डेहलों थाने के सब-इंस्पेक्टर (SI) गुरमीत सिंह की शिकायत पर दर्ज इस FIR के मुताबिक पुलिस ने मौके से एक लाइटर, एक सिल्वर पन्नी और 10 रुपये का नोट बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल वे नशा करने के लिए कर रहे थे। तीनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 27-61-85 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस (SHO) का क्या कहना है? इस पूरे घटनाक्रम पर डेहलों थाने के एसएचओ विजय कुमार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक खाली प्लॉट में कुछ लोग नशा कर रहे हैं। जब निहंग सिंहों ने इन्हें पकड़ा तो लोगों में भ्रम फैल गया कि ये पुलिस वाले हैं।
उन्होंने साफ किया कि ये पकड़े गए लोग पुलिस विभाग के कोई मुलाजिम नहीं हैं। इन्होंने सिर्फ पुलिस की वर्दी से मिलती-जुलती टी-शर्ट पहन रखी थी ताकि लोगों पर रौब झाड़ सकें और आसानी से नशा कर सकें। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इन फर्जी पुलिसवालों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

