लुधियाना में तहबाजारी इंस्पेक्टर की दिलेरी:लुटेरों की बाइक को कार से मारी टक्कर,राहगीरों की बचाई जान,खुद की गाड़ी का शीशा टूटा

लुधियाना में तहबाजारी इंस्पेक्टर की दिलेरी:लुटेरों की बाइक को कार से मारी टक्कर,राहगीरों की बचाई जान,खुद की गाड़ी का शीशा टूटा

लुधियाना में देर रात घोड़ा छाप कॉलोनी के पास तीन बदमाशों ने बाइक सवार दो राहगीरों को घेरकर लूटपाट की। बदमाश धारदार हथियार दिखाकर दोनों से मोबाइल छीनने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान नगर निगम की तहबाजारी शाखा के इंस्पेक्टर सुनील कुमार वहां से अपनी कार में गुजर रहे थे। उन्होंने राहगीरों को बदमाशों के चंगुल में फंसा देखकर अकेले ही मोर्चा संभाला और लुटेरों की बाइक को कार से टक्कर मार दी। इससे दो बदमाश बाइक समेत गिर गए, जबकि तीसरा बैग लेकर भागने लगा। इंस्पेक्टर ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की तो उनमें से एक ने उनकी कार के फ्रंट शीशे पर दातर से हमला कर दिया। शीशा टूटने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। घटनास्थल पर उनका दातर गिर गया। इंस्पेक्टर ने राहगीरों की जान और मोबाइल बचाने में मदद की, लेकिन राहगीरों का बैग लेकर भाग गए। बैग में 35 से 40 हजार रुपए, क्रेडिट-डेबिट कार्ड और जरूरी दस्तावेज थे। ऑफिस से घर लौट रहे थे दोनों राहगीर पीड़ित शिवम दूबे ने बताया कि वह ट्रांसपोर्टेशन कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (TCI) में काम करते हैं। वह इकबाल गंज चौक स्थित अपने दफ्तर से रात करीब 10 बजे निकले थे। काम जल्दी खत्म होने के कारण वह अपने साथी मंजय भारद्वाज के साथ घोड़ा छाप रोड से जा रहे थे। नगर निगम के स्टोर के पास बाइक सवार तीन युवक आए और उनकी बाइक को टक्कर मारकर रोक लिया। बदमाशों ने बाइक की चाबी निकाल ली और दोनों को सड़क किनारे खड़े होने के लिए कहा। शिवम के मुताबिक, एक बदमाश ने उनके पेट पर चाकू लगा दिया, जबकि दूसरे ने उनके साथी के पेट पर चाकू लगा रखा था। तीसरा बदमाश बाइक नजदीक खड़ा रहा। तीनों बदमाश गाली-गलौज करते हुए मोबाइल छीनने लगे और बैग भी ले लिया। बैग में नकदी, क्रेडिट-डेबिट कार्ड और जरूरी कागजात थे। विरोध करने पर बदमाशों ने उनके साथी मंजय भारद्वाज की बाजू पर दातर से वार कर दिया। मंजय का बाजू लहूलुहान हो गई। कार से टक्कर मारी तो बदमाशों ने तोड़ा शीशा शिवम ने बताया कि उसी समय नगर निगम के इंस्पेक्टर सुनील कुमार कार से गुजर रहे थे। उन्होंने दोनों को बदमाशों के कब्जे में देखा तो तुरंत उनकी मदद की। सुनील ने बदमाशों की बाइक को कार से टक्कर मारी। इसके बाद बदमाशों में अफरा-तफरी मच गई और वे भागने लगे। इंस्पेक्टर ने उनका पीछा किया, लेकिन बदमाशों ने उनकी कार के अगले शीशे पर दातर से हमला कर दिया। शीशा टूटने के बाद आरोपी फरार हो गए और उनका दातर मौके पर ही गिर गया। शिवम ने कहा कि अगर इंस्पेक्टर सुनील समय पर वहां नहीं पहुंचते तो बदमाश उनके मोबाइल भी लूट सकते थे और उन्हें गंभीर नुकसान पहुंचा सकते थे। पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग शिवम के मुताबिक, उन्होंने देर रात सिविल अस्पताल में मेडिकल करवाया। इसके बाद वह शिकायत देने थाना मोती नगर पहुंचे, लेकिन रात के समय थाना बंद मिला। उन्होंने कहा कि वह सुबह पुलिस को शिकायत देंगे। साथ ही घोड़ा छाप रोड पर पुलिस की पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की, ताकि इस तरह की वारदातों पर रोक लग सके। इंस्पेक्टर बोले-गनीमत रही कि सिर्फ शीशा टूटा नगर निगम के तहबाजारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि उन्होंने राहगीरों को बदमाशों के चंगुल में फंसा देखकर उनकी मदद करने की कोशिश की। बदमाशों ने उनकी कार पर दातर से हमला कर दिया, जिससे फ्रंट शीशा टूट गया। गनीमत रही कि उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई। उन्होंने कहा कि अगर वह मौके पर राहगीरों की मदद के लिए नहीं रुकते तो बदमाश उनके मोबाइल लूटने के साथ उन्हें गंभीर नुकसान भी पहुंचा सकते थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *