लुधियाना के पायल इलाके में एक सरकारी स्कूल से चावल, दालें और CCTV कैमरे चोरी करने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी अभी फरार है। पुलिस ने आरोपियों से दो नए CCTV कैमरे बरामद किए हैं। सरकारी हाई स्कूल अलूणा पल्ला के मुख्य अध्यापक गुरविंदर सिंह ने मामले की शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि 26 सितंबर को छुट्टी के बाद स्कूल के कमरों में ताले लगाकर चाबियां दफ्तर में रख दी गई थीं। 28 सितंबर की सुबह स्वीपर ने फोन कर बताया कि दफ्तर का रोशनदान और मिड-डे मील वाले कमरे का गेट टूटा मिला। DVR और दफ्तर में रखे दो नए कैमरे गायब
जांच में पता चला कि करीब एक क्विंटल चावल, दालें, CCTV कैमरों का DVR और दफ्तर में रखे दो नए कैमरे गायब थे। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। गांव अलूणा मियाना और अलूणा पल्ला के लोगों की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंच पाई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों में राजविंदर सिंह बिजली विभाग में लाइनमैन है। फरार आरोपी अमनदीप सिंह उर्फ बादल शिक्षा विभाग का कर्मचारी बताया जा रहा है। तीसरा आरोपी प्रदीप सिंह इलाके में हलवाई का काम करता है। एक अन्य आरोपी सिमरनजीत सिंह भी गिरफ्तार हुआ है। 3 को गिरफ्तार कर बरामदगी की
जांच अधिकारी हरदीप सिंह ने कहा कि विभिन्न तरीकों से जांच करते हुए चोरों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। चारों के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी। इनमें से तीन को गिरफ्तार कर बरामदगी की गई है। इनके जो अन्य साथी अपराध में शामिल हैं, उन्हें भी जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। आरोपियों से पूछताछ जारी है।

