मुरादाबाद में लाइनपार रामलीला मैदान में गुरुवार को भव्य रामलीला के चौथे दिन जनकपुर की सैर, मीना बाजार, पुष्प वाटिका में भगवान श्रीराम के दर्शन और माता सीता के गौरी पूजन के प्रसंगों का मंचन किया गया। कलाकारों ने इन धार्मिक प्रसंगों को भावपूर्ण अंदाज में प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। मंचन के दौरान पूरा रामलीला मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। रामलीला मंचन की शुरुआत भगवान श्रीगणेश की आराधना और विशेष पूजन के साथ हुई। इसके बाद कलाकारों ने जनकपुर में मीना बाजार और भगवान श्रीराम व लक्ष्मण के भ्रमण का दृश्य प्रस्तुत किया। कलाकारों की जीवंत अदाकारी ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इसके बाद पुष्प वाटिका का प्रसंग मंचित किया गया। इसमें माता सीता के मां पार्वती के मंदिर में पहुंचकर श्रद्धापूर्वक गौरी पूजन करने का दृश्य दिखाया गया। इसी दौरान बगिया में भगवान श्रीराम और माता सीता का प्रथम मिलन हुआ। इस प्रसंग को कलाकारों ने भावपूर्ण तरीके से प्रस्तुत किया। राम और सीता के प्रथम दर्शन के दृश्य ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। रामलीला देखने के लिए मैदान में बड़ी संख्या में दर्शक और श्रद्धालु पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मुस्तैद रहा। पुलिसकर्मियों ने मैदान में व्यवस्था संभाली, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। इस अवसर पर रामलीला समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र अग्रवाल, मंत्री मयंक बंसल, रोहित बंसल, अतुल अग्रवाल, संदीप बंसल, प्रदीप बंसल, रॉबिन अग्रवाल और अंशुल अग्रवाल सहित समिति के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

