ललितपुर में सोमवार सुबह नेशनल हाईवे 44 पर वाहन चालकों ने जाम लगा दिया। यह जाम केलागुवा तिराहे से रामनगर सुरई घाट तिराहे के बीच सुबह 9:45 बजे से 11:30 बजे तक रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया। वाहन चालक प्रकाश साहू ने बताया कि परिवहन विभाग की यात्री कर अधिकारी लिलि चौधरी बेवजह चालान कर परेशान करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी गलत साइड से पिकअप का पीछा कर रही थीं, जिससे एक पिकअप ट्रैक्टर से टकरा गई। जाम की सूचना पर यातायात प्रभारी आलोक तिवारी और शहर कोतवाल अनुराग अवस्थी मौके पर पहुंचे। उन्होंने चालकों से बात कर उन्हें समझाया, जिसके बाद जाम खुला। एआरटीओ आकिब खुर्शीद ने कहा कि यात्री कर अधिकारी पर लगे आरोपों की जांच की जाएगी। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होगी। जाम के कारण हाईवे पर दोनों ओर करीब 5-5 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी लाइन लग गई थी।

