लखनऊ के चिनहट में हाईकोर्ट के निजी सचिव के बंद मकान में लाखों की चोरी हो गई। चोर मेन गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे और अलमारी से 1 लाख रुपए नकद और करीब 9 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर ले गए। परिवार 19 अगस्त को पटना गया था, इसी दौरान चोरों ने वारदात की। पड़ोसी की सूचना पर पुलिस पहुंची। घर के सामने लगे सीसीटीवी में दो संदिग्ध चोर भी दिखाई दिए। ओला बुक कर परिवार के साथ स्टेशन गए माधव ग्रींस लोलाई निवासी गौतम कुमार सिन्हा हाईकोर्ट में निजी सचिव हैं। उन्होंने बताया कि पटना में उनके भतीजे यश वर्मा की तबीयत खराब है और वह अस्पताल में भर्ती है। इसी वजह से 19 अगस्त की सुबह करीब 3:30 बजे वह पत्नी नीतू और दो बच्चों के साथ ओला बुक कर स्टेशन के लिए निकले थे। 21 अगस्त को पड़ोसी सुभाष की पत्नी ने फोन कर बताया कि उनके घर का मेन गेट खुला हुआ है। गौतम ने चौकी प्रभारी मनोज कुमार को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। शनिवार सुबह पटना से लौटने पर गौतम ने घर की जांच की तो चोरी का पता चला। उनके मुताबिक, चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़ने के बाद रसोई की रोशनदान वाली खिड़की तोड़ी और अंदर घुसे। इसके बाद कमरे की अलमारी का लॉक तोड़कर नकदी और जेवर चोरी कर लिए। मामले में चिनहट थाने में तहरीर दी गई है। सीसीटीवी में दिखे दो संदिग्ध पड़ोसी के घर लगे कैमरे में दो लोग दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में दोनों घर में दाखिल होते और कुछ देर बाद सामान लेकर बाहर निकलते नजर आ रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने में जुटी है। काम करने वाली महिला और दूधवाले पर संदेह गौतम ने पुलिस को बताया कि उनके घर पर फूलमती काम करती है और अर्जुन दूध देने आता है। घर से निकलते समय ओला चालक ने भी उनसे कुछ सवाल किए थे। उन्होंने इन लोगों पर संदेह जताया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।

