लखनऊ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की वास्तु बस्ती के अंतर्गत आने वाली अरविंदो, अगस्त्य और केशव शाखाओं का संयुक्त ‘संकल्प दिवस’ कार्यक्रम को हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। वास्तु खंड-3 के अरविंदो पार्क स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत शाखा की नियमित गतिविधियों और सामूहिक प्रार्थना के साथ हुई, जिसके बाद भारत माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती की गई। राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने का लिया गया संकल्प इस विशेष आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्वयंसेवकों के भीतर राष्ट्र और समाज के प्रति सेवा, अनुशासन और समर्पण की भावना को और अधिक मजबूत करना था। कार्यक्रम के दौरान सभी स्वयंसेवकों ने संगठन के विचारों व उद्देश्यों के अनुरूप समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और हर हाल में राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए निरंतर कार्य करने का दृढ़ संकल्प लिया। ‘बड़े कार्यों से नहीं, दैनिक अनुशासन से होता है राष्ट्र निर्माण’ कार्यक्रम में उपस्थित स्वयंसेवकों ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि ‘संकल्प दिवस’ सिर्फ एक आयोजन नहीं है, बल्कि यह हमारे जीवन के मूल उद्देश्य और सामाजिक दायित्वों को याद करने का एक पावन अवसर है। वक्ताओं ने जोर देते हुए कहा कि राष्ट्र का निर्माण केवल बड़े-बड़े कार्यों से नहीं होता, बल्कि यह हर व्यक्ति के दैनिक जीवन में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, सेवा, सद्भाव और सामाजिक उत्तरदायित्व के भाव से संभव है। सकारात्मक बदलाव के लिए किया गया आह्वान स्वयंसेवकों से यह आह्वान किया गया कि वे अपने व्यक्तिगत जीवन को बेहतर बनाने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए भी लगातार सक्रिय रहें। इस संयुक्त आयोजन से विभिन्न शाखाओं के स्वयंसेवकों के बीच आपसी संपर्क और संगठनात्मक जुड़ाव भी मजबूत हुआ। पूरा वातावरण बेहद उत्साहपूर्ण, अनुशासित और आत्मीय रहा। अंत में, समाज में संस्कार और समरसता का भाव बढ़ाने के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

