लखनऊ के डिफेंस एक्सपो परिसर में भारतीय किसान क्रांति यूनियन द्वारा आयोजित विशाल किसान महापंचायत में प्रदेशभर से 10,000 से अधिक किसानों ने हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने किसान हितों से जुड़े मुद्दों को शासन तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने, किसान परिवारों की अगली पीढ़ी को शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा कृषि को आधुनिक तकनीक और निवेश से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन और शासन के बीच नियमित संवाद की आवश्यकता भी रेखांकित की। डॉ. राजेश्वर सिंह ने भारतीय किसान क्रांति यूनियन की संगठनात्मक सक्रियता और किसान हितों के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में किसानों का एक मंच पर एकत्र होना उनकी एकजुटता और जागरूकता का परिचायक है। किसान संगठनों की भूमिका केवल समस्याएँ उठाने तक सीमित नहीं, बल्कि उनके समाधान के लिए निरंतर संवाद और प्रभावी पैरवी करना भी है। उन्होंने किसान प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि उनकी जायज मांगों को संबंधित विभागों और शासन के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा। विधायक ने किसानों को देश की खाद्य सुरक्षा और आर्थिक समृद्धि का आधार बताते हुए कहा कि उनके परिश्रम का सम्मान उनके परिवारों की सामाजिक सुरक्षा, बच्चों की शिक्षा और बेहतर भविष्य के अवसर सुनिश्चित करके किया जाना चाहिए। उन्होंने छोटे एवं सीमांत किसानों के लिए पेंशन और ऋण व्यवस्था को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। गन्ना मूल्य भुगतान पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब तक ₹3 लाख करोड़ से अधिक का भुगतान समयबद्ध तरीके से किया गया है।

