Lucknow University Road Cave In: राजधानी में भारी बारिश ने सड़कों की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लखनऊ यूनिवर्सिटी के पास पूर्व डिप्टी सीएम और सांसद दिनेश शर्मा के आवास के सामने सड़क अचानक धंस गई। सड़क का बड़ा हिस्सा बैठने से करीब 10 से 12 फीट गहरा गड्ढा बन गया, जिसमें एक बाइक सवार युवक मोटरसाइकिल समेत जा गिरा। हादसे में युवक घायल हो गया, जिसे पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया।
10 से 12 फीट गहरे गड्ढे में समाई मोटरसाइकिल
जानकारी के मुताबिक, लगातार हो रही तेज बारिश के कारण यूनिवर्सिटी के पास की सड़क अचानक नीचे बैठ गई। जहां गड्ढा हुआ है, वहां ठीक बगल में सांसद दिनेश शर्मा का घर है। सड़क के धंसते ही वहां एक विशाल और गहरा गड्ढा बन गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहा एक युवक अपनी मोटरसाइकिल समेत इस 10 से 12 फीट गहरे गड्ढे में गिर गया। गनीमत रही कि हादसे की भनक लगते ही पुलिस और बचाव दल सक्रिय हो गया। युवक को बाहर निकालकर फौरन अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसका इलाज चल रहा है।
क्रेन की मदद से बाहर निकाली गई बाइक
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और नगर निगम की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं। सड़क पर बारिश का पानी भरा हुआ था जो गड्ढे में जा रहा था जिससे हालात और भी मुश्किल हो गए। नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी गड्ढे में गिरी मोटरसाइकिल को बाहर निकालने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद अंततः एक क्रेन को मौके पर बुलाया गया जिसकी मदद से मोटरसाइकिल को बाहर निकाला जा सका। खतरे को देखते हुए इस सड़क को यातायात के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
प्रशासनिक दावों पर उठ रहे गंभीर सवाल
इस घटना ने राजधानी की सड़कों की गुणवत्ता और प्रशासनिक तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लखनऊ की जिन सड़कों के सबसे बेहतर होने का दावा किया जाता है वहां बीच सड़क पर इतना खतरनाक गड्ढा बन जाना हैरान करने वाला है। सवाल यह उठ रहा है कि इतना बड़ा गड्ढा बनने तक प्रशासन और संबंधित विभाग की नजर इस ओर क्यों नहीं गई? फिलहाल पुलिस और नगर निगम की टीमें गड्ढे को भरने और रास्ते को सुरक्षित करने के काम में युद्ध स्तर पर लगी हुई हैं।

