लखनऊ में कानपुर रोड पर चलती थार से अचानक लपटें उठने लगीं। गनीमत रही कि इसमें सवार 3 लोग बाल-बाल बच गए। एक युवक दो दोस्तों को अपने साथ लेकर घर जा रहा था। गाड़ी में पहले धुआं दिखा, फिर जब तक तीनों दोस्त कुछ समझ पाते, उसमें तेज लपटें उठने लगीं। तीनों उतरकर भागे। थार करीब आधे घंटे में धू-धूकर पूरी तरह से जलकर खाक हो गई। घटना बंथरा थाना क्षेत्र की मंगलवार की है। कानपुर रोड पर तेल डिपो के पास कार में आग लग गई। थार (यूपी 32 पीए 6038) को युवराज सिंह उर्फ लकी की थी। युवराज कार खुद ही चला रहा था। दोस्त वीरू और प्रशांत रावत के साथ आशियाना से घर लौट रहा था। बंथरा थाने से करीब 500 मीटर पहले यह घटना हो गई।
रात करीब 8 बजे थार के इंजन से अचानक तेज धुआं निकलने लगा। युवराज ने तुरंत गाड़ी किनारे लगाई और दोस्तों के साथ नीचे उतर गए। देखते ही देखते गाड़ी में आग की लपटें उठने लगीं और उसने अगले हिस्से को पूरी चपेट में ले लिया। सरोजनीनगर फायर स्टेशन से दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। उन्होंने करीब आधे घंटे की कोशिश के बाद आग बुझाई। थार का ज्यादातर हिस्सा जल चुका था। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। इस घटना के कारण कानपुर रोड की लखनऊ से कानपुर जाने वाली पटरी पर करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। एक दिन पहले जल गया था छोटा हाथी वाहन- इसी रोड पर सोमवार शाम छोटा हाथी लोडर वाहन में बीच सड़क आग लग गई थी। हरदोई का व्यक्ति उन्नाव से उसी दिन खरीदकर घर ले जा रहा था। सरोजनीनगर में कानपुर रोड पर अमौसी एयरपोर्ट तिराहे से 100 मीटर पहले उसमें धुंआ उठने लगा। यह देखते ही लोडर चला रहा व्यक्ति उसे किनारे ले जाने लगा। तब तक आग की लपटें तेज हो गईं। हरदोई के बहौली निवासी मोहम्मद ताहिर छोटा वाहन को लेकर लखनऊ से गुजर रहे थे। सरोजननीगर में कानपुर एक्सप्रेसवे के नीचे उनको धुआं महसूस हुआ। ताहिर के मुताबिक, उन्होंने हादसे से बचने के लिए लोडर को धीमा कर बाएं साइड ले जाना चाहा। लेकिन, तब तक धुआं तेज हो गया, आग लग गई। वह किसी तरह बचते हुए लोडर को वहीं छोड़ सड़क किनारे आ गए। देखिए 3 तस्वीरें… 1 लाख 30 हजार में खरीदा था, कल होता ट्रांसफर ताहिर ने बताया- मैंने उन्नाव के छोटे लाल से 1 लाख 30 हजार रुपए में यह छोटा हाथी वाहन खरीदा था। मंगलवार को आरटीओ ऑफिस में इसका ट्रांसफर भी होना था। लोडर वाहन का अगला हिस्सा जलने से काफी नुकसान हो गया है। इस घटना के कारण कानपुर से लखनऊ आने वाली कानपुर रोड की पटरी पर कुछ देर के लिए भयंकर जाम लग गया। लेकिन, मैं बाल-बाल बच गया। पास के घर से समरर्सिबल से आया पानी ताहिर ने बताया- मैंने सड़क किनारे आकर आनन-फानन में फायर कंट्रोल रूम को फोन किया। तब तक सड़क किनारे एक घर से लोग सबमर्सिबल का पाइप लेकर आ गए और उसी से आग बुझानी शुरू की गई। इस दौरान जलते छोटा हाथी वाहन के बगल से गाड़ियां गुजरती रहीं। धुआं निकलते देख मैं घबरा गया था। लोग मेरी गाड़ी की आग बुझा रहे थे। आग बुझने के बाद सरोजनीनगर फायर स्टेशन से दो दमकल गाड़ी आ गईं। एक दमकल गाड़ी ने भी लोडर वाहन पर पानी की बौछार की। इसके बाद लोडर वाहन में लगी आग पूरी तरह बुझ गई। सबमर्सिबल बसपा नेता जलीश खान के घर का था।

