रोहतक के गांव समरगोपालपुर कलां में एक युवक की हत्या कर शव झाड़ियों में फेंक कर आरोपी मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डेड हाउस भेज दिया। मृतक की पहचान करीब 27 वर्षीय सुनील पुत्र उमेद सिंह निवासी गांव समरगोपालपुर कलां के रूप में हुई। सुनील मेहनत मजदूरी का काम करता था और शराब का सेवन भी कर लेता था। सुनील को उसका दोस्त मोनू अपने साथ शराब के ठेके पर ले गया और दोनों ने शराब की बोतल लेकर सड़क किनारे ही पीना शुरू कर दिया। सड़क किनारे झाड़ियों में पड़ा मिला शव
मृतक के भाई साहिल ने बताया कि जब सुनील घर वापस नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू की। जब वह शराब के ठेके के पास पहुंचा तो वहां झाड़ियों में सुनील का शव पड़ा हुआ था। सुनील व मोनू के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, जिसके बाद मोनू ने हत्या करके शव फेंका और मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर खून से लथपथ मिली ईंट
सुनील की हत्या सिर व चेहरे पर ईंट से वार करके की गई। घटनास्थल पर खून से लथपथ ईंट भी बरामद की गई, जिस पर सुनील का खून लगा हुआ था। वहीं, शराब पीने के दौरान खरीदे गए प्लास्टिक के गिलास व चिप्स के खाली पैकेट भी बरामद किए गए। पुलिस मामले में कर रही जांच
सदर थाना के जांच अधिकारी एसआई सुखबीर ने बताया कि एक युवक की हत्या होने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।

