रेवाड़ी जिले के गांव लूला अहीर निवासी 19 वर्षीय चेतन को टाया टियागो कार ने टक्कर मार दी। हादसे में चेतन की मौत हो गई। मृतक चेतन तीन बहनों का इकलौता भाई था और अग्निवीर भर्ती में फिजिकल व टेस्ट पास कर चुका था। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। रविवार को चेतन के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की देर शाम को गांव लूला अहीर निवासी 19 वर्षीय चेतन घुमने के लिए गांव दडौली की तरफ जा रहा था। इसी दौरान टाया टियागो कार ने चेतन को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। वहीं चेतन टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं मौके पर चेतन की मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची कोसली थाना पुलिस ने चेतन के शव को नागरिक अस्पताल कोसली में रखवाया दिया है। वहीं चालक की तलाश में जुटी हुई है। तीन बहनों का इकलौता भाई था चेतन चेतन अपने परिवार में तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसकी दो बहनों की शादी हो चुकी है। करीब ढाई साल पहले पिता ताराचंद की मौत हो गई थी। ऐसे में परिवार को चेतन से काफी उम्मीदें थीं। वह अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में फिजिकल और टेस्ट पास कर चुका था। जल्द ही भर्ती की फाइनल लिस्ट जारी होने की उम्मीद थी। परिजनों को भरोसा था कि चेतन का चयन हो जाएगा और वह सेना में भर्ती होकर परिवार का सहारा बनेगा, लेकिन सड़क हादसे में उसकी मौत से परिवार की उम्मीदें टूट गईं। फरार कार चालक की तलाश में पुलिस हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। कोसली थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। चेतन की मौत से गांव में शोक का माहौल है। पिता की मौत के बाद परिवार को चेतन से ही भविष्य की उम्मीद थी, लेकिन हादसे ने परिवार को गहरा सदमा दिया है।

