कोरबा जिले में छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर के नए रेल लाइन निर्माण में इस्तेमाल होने वाला सामान कबाड़ चोर गिरोह के निशाने पर है। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के बाद अब जटगा चौकी इलाके में भारी मात्रा में रेलवे ट्रैक की कटी हुई पटरी बरामद हुई है। पुलिस ने बरमपुर गांव के एक मकान से 32 नग रेलवे पटरी, स्वराज माजदा वाहन, 6 गैस सिलेंडर, गैस कटर और अन्य औजार जब्त किए हैं। सूचना पर पुलिस ने मकान में दी दबिश मामला जटगा चौकी अंतर्गत बरमपुर गांव का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव के एक मकान में रेलवे की पटरियां काटकर छिपाकर रखी गई हैं। जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान मकान से करीब 12 फीट लंबी 32 नग रेलवे पटरी, एक स्वराज माजदा वाहन, 6 गैस सिलेंडर, गैस कटर और अन्य औजार बरामद किए गए। मकान मालिक ने राजू को दिया था किराए पर बताया जा रहा है कि मकान आखिर लाल का है, जिसने इसे राजू कुमार नामक युवक को किराए पर दिया था। राजू नए रेल लाइन निर्माण के काम में लगी एक निजी कंपनी में काम करता था। आशंका है कि कंपनी के काम के दौरान उसी ने रेलवे की पटरियां चोरी कर किराए के मकान में काटकर और छिपाकर रखी थीं। हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि बरामद सामान किस तरह और कहां से लाया गया था। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही राजू मौके से फरार हो गया। नए रेल लाइन निर्माण से जुड़ी हैं बरामद पटरियां छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर के तहत जटगा क्षेत्र में नए रेल लाइन का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके लिए अलग-अलग कंपनियों को काम सौंपा गया है। ऐसे में एक ही स्थान से इतनी बड़ी संख्या में रेलवे पटरी बरामद होने से निर्माण सामग्री की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। रेलवे और कंपनी अधिकारियों को दी गई सूचना जटगा चौकी प्रभारी भीम यादव ने बताया कि मौके से रेलवे से जुड़ा सामान बरामद किया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। रेलवे के संबंधित विभाग के अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। जिस कंपनी का काम चल रहा है, उसके अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया है। फिलहाल जब्त सामान की जांच की जा रही है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। जांच के बाद सामने आएगा चोरी का पूरा नेटवर्क इतनी बड़ी मात्रा में रेलवे पटरी और उसे काटने के लिए इस्तेमाल होने वाले उपकरण मिलने के बाद जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में चोरी के माल को खपाने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच अभी जारी है। आरोपी की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि रेलवे की पटरियां कहां से चोरी की गईं और इस मामले में और कौन लोग शामिल हैं।

