रूस के संसदीय चुनाव में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की समर्थक यूनाइटेड रशिया पार्टी ने जीत हासिल कर ली है। शुरुआती नतीजों में पार्टी ने 57.5% वोट के साथ अजेय बढ़त बना ली है। चुनाव के आधिकारिक नतीजे अभी बाकी हैं। यह फरवरी 2022 में यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद पहला संसदीय चुनाव है। पुतिन ने चुनाव को यूक्रेन में लड़ रहे रूसी सैनिकों के समर्थन से जोड़कर पेश किया था। 2021 के पिछले संसदीय चुनाव में यूनाइटेड रशिया ने स्टेट ड्यूमा की 450 में से 324 सीटें जीती थीं। स्टेट ड्यूमा रूस की संसद का निचला सदन है। इसमें कुल 450 सीटें हैं। इनमें 225 सीटें पार्टी को मिले वोट के आधार पर और 225 सीटें अलग-अलग क्षेत्रों में सीधे चुनाव से तय होती हैं। यूक्रेन युद्ध का विरोध करने वाली पार्टी चुनाव से बाहर रूस की युद्ध-विरोधी पार्टी याब्लोको को इस बार पार्टी के नाम पर चुनाव लड़ने से रोक दिया गया। हालांकि, पार्टी के कुछ नेताओं को अलग-अलग सीटों से चुनाव लड़ने की अनुमति मिली। इसके अलावा कई सरकार विरोधी नेताओं और उम्मीदवारों को भी चुनाव लड़ने का मौका नहीं मिला। रूस में इस चुनाव में 56.66% लोगों ने वोट डाला। मॉस्को में मतदान रिकॉर्ड स्तर पर रहा। चुनाव में उम्मीदवार नहीं थे पुतिन पुतिन खुद इस संसदीय चुनाव में उम्मीदवार नहीं थे। वे यूनाइटेड रशिया पार्टी के सदस्य भी नहीं हैं। हालांकि, वे 2008 से 2012 तक इस पार्टी के नेता रह चुके हैं। रूस में अगला राष्ट्रपति चुनाव 2030 में होना है। चुनाव से पहले पुतिन ने कहा था कि लोगों का वोट यूक्रेन में लड़ रहे रूसी सैनिकों के समर्थन को दिखाएगा। पुतिन चुनाव के नतीजों को पुतिन की नीतियों और यूक्रेन युद्ध के समर्थन के तौर पर पेश कर सकते हैं। खबर अपडेट हो रही है….
रूस में पुतिन समर्थक पार्टी की जीत:यूनाइटेड रशिया को शुरुआती गिनती में 57.5% वोट; 2021 में 450 में से 324 सीटें जीती थीं

