रूस ने देर रात यूक्रेन पर किए हमले, 4 लोगों की मौत और 5 घायल

रूस ने देर रात यूक्रेन पर किए हमले, 4 लोगों की मौत और 5 घायल

24 फरवरी, 2022 को शुरू हुए रूस-यूक्रेन युद्ध (Russia-Ukraine War) को 4 साल से ज़्यादा समय बीत चुका है और अभी भी यह खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। दोनों देश एक-दूसरे पर हमले कर रहे हैं, लेकिन रूस की तरफ से ज़्यादा हमले किए जा रहे हैं। रूस की तरफ से यूक्रेन पर लगभग हर दिन कहीं न कहीं हमले किए जा रहे हैं। देर रात रूस ने एक बार फिर यूक्रेन पर हमले किए।

4 लोगों की मौत और 5 घायल

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेन्स्की (Volodymyr Zelenskyy) ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “कल रात रूस ने निप्रो इलाके के कामियांस्के में आम लोगों की एक जगह पर हमला किया, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई और 5 अन्य घायल हो गए। मैं उनके परिवारों और चाहने वालों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। खेरसन, बोरिस्पिल और खारकीव इलाकों में कई आम रिहायशी इमारतों को रूसी हमलों की वजह से नुकसान पहुंचा। सुमी और मायकोलाइव में रूस ने ड्रोन्स ने शॉपिंग मॉल पर हमले किए।”

यूक्रेनी एयरपोर्ट्स को भी रूसी सेना ने बनाया निशाना

ज़ेलेन्स्की ने आगे लिखा, “रात भर कीव और बोरिस्पिल में हमारे एयरपोर्ट्स पर भी रूसी सेना ने जान-बूझकर हमले किए। काफी समय बाद ऐसा जान-बूझकर किया गया हमला था। साफ है कि एयरपोर्ट्स पर रूस के ये हमले उस चर्चा और तैयारी का जवाब हैं, जिसमें अमेरिकी पक्ष के किसी विमान के यूक्रेन आने और कीव या बोरिस्पिल के एयरपोर्ट पर उतरने की संभावना पर बात हो रही थी। अमेरिकी कूटनीति के जवाब में रूस-ईरान के शाहेद ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। हमने रूस के इस कदम पर ध्यान दिया है और अगले हफ्ते हम रूसी हवाई क्षेत्र के संबंध में अपने ऑपरेशन में बदलाव करेंगे, जो आसमान में हमारे ड्रोन्स और मिसाइलों के कारण खतरनाक हो गया है। हमारी तरफ से कूटनीति को कोई खतरा नहीं है और न ही होगा।”

शांति का इच्छुक है यूक्रेन

ज़ेलेन्स्की ने आगे लिखा, “यूक्रेन शांति स्थापित का इच्छुक है। रूस अपने किए के लिए जवाबदेह होगा। हमारे देश और यूक्रेन के लोगों की मदद करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *