रीवा में रविवार शाम कांग्रेस और भाजपा के बीच उस समय गहमा-गहमी की स्थिति बन गई, जब भाजपा के तमाम कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय के सामने पहुंच गए। भाजपा नेताओं ने राष्ट्रीय कांग्रेस कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मल्लिकार्जुन खड़गे और सोनिया गांधी पर राष्ट्रगीत के अपमान का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा और भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता की मौजूदगी में पार्टी के तमाम कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय के सामने वंदे मातरम् का गायन किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी भी की। इधर, कांग्रेस की ओर से भी तमाम कार्यकर्ताओं ने जवाबी नारेबाजी शुरू कर दी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेताओं के खिलाफ ‘चंदा चोर’ के नारे लगाए। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने से मौके पर गहमा-गहमी बढ़ गई और कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया
मामले की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को अलग करने और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कड़ी मशक्कत की। पुलिस की समझाइश के बाद माहौल शांत कराया गया। मौके पर काफी देर तक पुलिस बल तैनात रहा। भाजपा नेताओं का कहना था कि राष्ट्रगीत और राष्ट्रीय सम्मान से जुड़े विषय पर कांग्रेस नेताओं के रवैये के विरोध में कांग्रेस कार्यालय के सामने वंदे मातरम् का गायन किया गया। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के आरोपों का विरोध करते हुए नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया।


