रीवा पुलिस ने बिहार-झारखंड से पकड़ी ATM ठगों की गैंग, 4 लाख नकद समेत सामान बरामद

रीवा पुलिस ने बिहार-झारखंड से पकड़ी ATM ठगों की गैंग, 4 लाख नकद समेत सामान बरामद

Rewa ATM Fraud Gang: एटीएम मशीनों में खराबी का बहाना बनाकर और कार्ड बदलकर ठगी की घटनाओं को अंजाम देने वाले शातिर बदमाशों की गैंग को मध्यप्रदेश की रीवा पुलिस ने बिहार व झारखंड से पकड़ने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपियों ने कई लोगों को फ्रॉड का शिकार बनाया था और उनकी अब अन्य घटनाओं में भूमिका की जांच की जा रही है। इसी साल अगस्त के महीने में गैंग ने रीवा जिले के बिछिया में एक वारदात को अंजाम दिया था जिसके बाद से पुलिस इनकी तलाश में जुटी हुई थी।

ATM से निकाले थे 5.10 लाख रुपये

पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि मुकेश मिश्रा निवासी राघवराम नगर, थाना बिछिया, 24 अगस्त को एटीएम से रुपए निकालने गए थे। उन्होंने कार्ड लगाया तो वह मशीन के अंदर फंस गया। इस दौरान बाहर खड़े बदमाशों ने मदद के नाम पर उनको कस्टमर केयर में फोन लगाने को बोला, जिस पर वे अपना मोबाइल लेने घर चले गए। इसी बीच बदमाशों ने उनका कार्ड निकाला और खाते से 5.10 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित के द्वारा बिछिया थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

बिहार-झारखंड से पकड़ाए बदमाश

पुलिस ने साइबर सेल की मदद से उक्त बैंक खातों की जानकारी जुटाई, जिसमें रुपए ट्रांसफर किए गए थे। उसके आधार पर संदिग्धों का पता चला। सीएसपी राजीव पाठक के नेतृत्व में थाना प्रभारी व साइबर सेल की टीम बनाई गई। पुलिस की टीम ने संदेहियों को चिंहित कर बिहार व झारखंड से पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों में अभिषेक कुमार गुप्ता (49) निवासी जनकपुर थाना मुफस्सिल जिला गया बिहार, इमरान अंसारी (31) निवासी चौका रोड सराय थाना कोतवाली जिला गया, कार्यनंद सरस्वती (42) निवासी बाभेडी थाना नजरीगंज जिला गया, मोहम्मद फैज अंसारी (19) निवासी तलैया थाना कोड़रवां, अभिमन्यु कुमार वर्मा (21) निवासी गुमो बड़की थाना तलैया जिला कोड़रवां झारखंड शामिल है।

गैंग के दो सदस्य फरार, तलाश जारी

आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 4 लाख रुपए नकद, 5 मोबाइल, पीओएस मशीन, 3 मोबाइल सिम, 30 फोन पे स्कैनर मिले हैं, जिनका उपयोग वे ठगी की घटनाओं में करते थे। गिरोह के दो सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी भी तलाश की जा रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके द्वारा की गई और भी वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *