राहगीरों पर थार चढ़ाने वाला वकील मध्य प्रदेश से गिरफ्तार:गर्भवती से धक्का-मुक्की की थी, 2 साल पहले दर्ज हुए थे 2 मुकदमे

राहगीरों पर थार चढ़ाने वाला वकील मध्य प्रदेश से गिरफ्तार:गर्भवती से धक्का-मुक्की की थी, 2 साल पहले दर्ज हुए थे 2 मुकदमे

पारा थाना क्षेत्र के पुराना पारा में ओवरटेकिंग को लेकर हुए विवाद के बाद राहगीरों पर थार चढ़ाने के आरोपी वकील संदीप कुमार द्विवेदी को पुलिस ने मध्य प्रदेश के शहडोल से गिरफ्तार कर लिया। सर्विलांस की मदद से पुलिस ने 25 अक्टूबर को आरोपी को पकड़ा। इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2024 में सुशांत गोल्फ सिटी थाने में भी दो मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, घटना 21 और 22 अक्टूबर की मध्यरात्रि की है। एक व्यक्ति अपनी गर्भवती पत्नी और भाई के साथ पुराना पारा से गुजर रहा था। इसी दौरान यूपी32आरएस7108 नंबर की थार के चालक से ओवरटेकिंग को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि नशे की हालत में चालक ने गर्भवती महिला के साथ धक्का-मुक्की की। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। सर्विलांस की मदद से शहडोल पहुंची पुलिस इसके बाद चालक ने तेज रफ्तार में थार वहां मौजूद लोगों पर चढ़ा दी, जिससे कई लोग घायल हो गए। शिकायत के आधार पर पारा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। पुलिस के अनुसार, सर्विलांस की मदद से आरोपी की लोकेशन मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के पण्डोद थाना क्षेत्र स्थित ग्राम खड़ेह के पाट में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई करने वाली टीम में पारा थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश सिंह, हंसखेड़ा चौकी प्रभारी मुन्ना लाल और उपनिरीक्षक सूबेचन्द्र यादव व मोहित भाटी शामिल रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *