रायसेन में ढोल बजाकर टैक्स वसूली का विरोध:4 लोग ढोल के साथ भवन में घुसे, नगर पालिका कर्मचारियों ने FIR की मांग की

रायसेन में ढोल बजाकर टैक्स वसूली का विरोध:4 लोग ढोल के साथ भवन में घुसे, नगर पालिका कर्मचारियों ने FIR की मांग की

रायसेन नगर पालिका के ढोल बजाकर टैक्स वसूली अभियान के विरोध में सोमवार शाम कुछ लोग चार ढोल लेकर नगर पालिका कार्यालय पहुंच गए। पहले उन्होंने कार्यालय के नीचे ढोल बजाए। इसके बाद ढोल बजाते हुए भवन के अंदर पहुंचे। यहां कर्मचारियों से टैक्स वसूली को लेकर तीखी बहस हुई। 11 करोड़ रुपए की बकाया राशि
नगर पालिका पिछले चार दिनों से जलकर, मकान टैक्स, दुकानों का किराया और अन्य बकाया राशि की वसूली के लिए अभियान चला रही है। नगर पालिका के अनुसार शहर में करीब 3 करोड़ रुपए का जलकर बकाया है। मकान टैक्स, दुकानों के किराए और अन्य मदों की करीब 8 करोड़ रुपए की राशि भी बकाया है। बकायादारों से राशि जमा कराने के लिए नगर पालिका शहर में ढोल बजाकर अभियान चला रही है। इसी तरीके पर आपत्ति जताते हुए भाजपा नेता विकास शर्मा, रुपेश तंतवार समेत अन्य लोग चार ढोल लेकर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पहले बाहर और फिर भवन के अंदर ढोल बजाकर विरोध जताया। कर्मचारियों ने कोतवाली में शिकायत की
घटना के बाद नगर पालिका के कर्मचारी कोतवाली थाने पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। कर्मचारियों का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान उन्हें कार्यालय से बाहर निकालने और नगर पालिका भवन में ताला लगाने की बात कही गई। कर्मचारियों के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जिस तरह टैक्स जमा नहीं करने वाले बकायादारों की दुकानों में नगर पालिका ताले लगा रही है, उसी तरह वे भी नगर पालिका कार्यालय में ताला लगाएंगे। FIR नहीं हुई तो कलेक्टर से शिकायत
कर्मचारियों ने बताया कि FIR दर्ज नहीं होने पर मंगलवार को कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा से शिकायत की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके बाद नगर पालिका में काम बंद करने का निर्णय भी लिया जा सकता है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *