रायसेन जिले के सालेरा गांव में शनिवार को गज कुंडी में बारूद भरते समय अचानक विस्फोट हो गया। इस हादसे में दो नाबालिग किशोर गंभीर रूप से झुलस गए। परिजनों ने उन्हें तुरंत रायसेन जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां बर्न वार्ड में उनका इलाज चल रहा है। घायलों की पहचान 13 साल के यश (पिता प्रदीप) और 17 साल के अमित (पिता बद्री प्रसाद) के रूप में हुई है। दोनों सालेरा गांव के रहने वाले हैं। बताया गया कि वे गज कुंडी में बारूद भर रहे थे, तभी वह फट गई और दोनों आग की चपेट में आ गए। प्रतिबंध के बावजूद हो रहा इस्तेमाल गज कुंडी लोहे की एक छड़ होती है, जिसमें बारूद भरकर चलाया जाता है। इससे तेज आवाज होती है। दिवाली के समय बच्चे इसे बनाकर चलाते हैं। इस पर प्रतिबंध के बावजूद इसका इस्तेमाल बच्चों के लिए खतरनाक साबित हो रहा है।

