रायबरेली के लालगंज मुख्य बाजार में ड्यूटी पर तैनात महिला सिपाही दिव्या से मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी महिला प्रेमावती और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना बीते दिन लालगंज कोतवाली क्षेत्र में हुई थी। विवाद दो दिन पहले रिसाली का पूरवा गांव में हुई चोरी की घटना से जुड़ा है। रात में गांव में चोरी करने पहुंचे तीन युवकों में से एक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। अगले दिन सुबह फरार दो अन्य युवकों को भी ग्रामीणों की मदद से पकड़कर पुलिस को सौंप दिया गया था। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
बताया गया कि चोरी की घटना में प्रेमावती के घर में चोरी हुई थी और उसे चोटें भी आई थीं। वह परिजनों के साथ चिकित्सीय परीक्षण कराने अस्पताल पहुंची थी। वहां पुलिसकर्मियों ने उसके बेटे को पूछताछ के लिए रोक लिया। इसी बात से नाराज होकर प्रेमावती ने महिला सिपाही दिव्या से मारपीट शुरू कर दी। बीच बाजार में मारपीट होने से मौके पर भीड़ जुट गई और अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। लालगंज पुलिस ने प्रेमावती को नामजद करते हुए तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

