रायबरेली के बछरावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश से जल निकासी व्यवस्था की पोल खुल गई। अस्पताल परिसर के साथ ही जच्चा-बच्चा वार्ड सहित कई कमरों में करीब एक फुट तक पानी भर गया, जिससे मरीजों और तीमारदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जन औषधि केंद्र, अधीक्षक कक्ष और सभागार जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर भी पानी भर गया। सबसे खराब स्थिति जच्चा-बच्चा वार्ड में देखी गई, जहाँ फर्श पर गंदा पानी भरने के बावजूद प्रसूताओं और नवजात शिशुओं को बेड पर ही रहना पड़ा। वार्ड में भरे पानी से दुर्गंध फैल गई, जिससे प्रसूताओं, नवजात शिशुओं और अन्य मरीजों के लिए संक्रमण का खतरा बढ़ गया। बारिश के कारण स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्य भी प्रभावित हुए, और अस्पताल आने वाले मरीजों को पानी से होकर गुजरना पड़ा। मरीजों और तीमारदारों का कहना है कि हल्की बारिश में भी अस्पताल परिसर में जलभराव हो जाता है, लेकिन जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है। रविवार की तेज बारिश के बाद स्थिति और गंभीर हो गई। लोगों ने अस्पताल प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। इस संबंध में सीएचसी अधीक्षिका अर्पिता ने बताया कि तेज बारिश के कारण वार्डों में पानी भर गया है और जलनिकासी व्यवस्थाओं को जल्द ही दुरुस्त कराया जाएगा।


