खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से युवा उत्सव 2026-27 का आयोजन जिला और राज्य स्तर पर किया जाएगा। इसके लिए रायपुर जिले के युवा कलाकार 16 अक्टूबर तक पंजीयन करा सकेंगे। उत्सव का उद्देश्य युवाओं को कला और संस्कृति के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच उपलब्ध कराना है। युवा उत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। विभाग ने सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कराने की अपील की है। जानिए कहां होगा पंजीयन विकासखंड आरंग, अभनपुर, तिल्दा और धरसींवा के कलाकार संबंधित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कार्यालय में पंजीयन करा सकते हैं। युवा उत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, पारंपरिक वेशभूषा, रॉकबैंड, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज और विकसित भारत चैलेंज ट्रैक जैसी विधाओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा। रॉकबैंड प्रतियोगिता केवल राज्य स्तर पर आयोजित होगी। युवा उत्सव से संबंधित विस्तृत जानकारी जिला रायपुर के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहायक संचालक कार्यालय से कार्यालयीन समय में प्राप्त की जा सकती है। इसके अलावा वरिष्ठ प्रशिक्षक टी.एन. रेड्डी से मोबाइल नंबर 9424214947 पर संपर्क किया जा सकता है।

