रामपुरा-देवपुरा सड़क बदहाल, बारिश में गड्ढों में भर रहा पानी

रामपुरा-देवपुरा सड़क बदहाल, बारिश में गड्ढों में भर रहा पानी

एक दर्जन से अधिक गांवों के हजारों लोग परेशान

विद्यार्थियों व मरीजों को सबसे ज्यादा दिक्कत

वनस्थली. वनस्थली से रामपुरा-देवपुरा तक जाने वाली सड़क की बदहाली को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि वे कई वर्षों से सड़क निर्माण और मरम्मत की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों को कई बार ज्ञापन देने के बावजूद हालात जस के तस हैं।

ग्रामीणों के अनुसार यह मार्ग वनस्थली, सूरजपुरा, देवपुरा, करनपुरा, बाढ़ ढाणी, गुर्जरों की ढाणी सहित एक दर्जन से अधिक गांवों को जोड़ता है। करीब 50 हजार की आबादी के लिए यह प्रमुख आवागमन मार्ग है। सूरजपुरा-रामपुरा होते हुए डिग्गी तक जाने वाले इस रास्ते से प्रतिदिन दोपहिया, चारपहिया वाहन, स्कूल वाहन और एम्बुलेंस सहित सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं।

बारिश में बढ़ जाती है परेशानी

बरसात के दिनों में सड़क पर बने गहरे गड्ढों में पानी भर जाता है। कीचड़ और जलभराव के कारण राहगीरों का पैदल निकलना तक मुश्किल हो जाता है। कई बार दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर जाते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि खराब सड़क के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। पानी भरे रास्ते से गुजरने के दौरान कई महिलाएं स्कूटी सहित गिरकर चोटिल हो चुकी हैं। वाहन पानी में बंद होने और कपड़े खराब होने से नौकरीपेशा लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ती है।

विद्यार्थियों को जान जोखिम में डालकर जाना पड़ रहा स्कूल

सामाजिक कार्यकर्ता हेमलता बैरवा ने बताया कि आसपास के दर्जनभर गांवों के छात्र-छात्राएं प्रतिदिन वनस्थली स्थित 12वीं तक के विद्यालय में पढ़ने जाते हैं। बारिश के दौरान पानी और कीचड़ से भरे रास्ते से गुजरते समय विद्यार्थियों को जूते-चप्पल हाथ में लेकर निकलना पड़ता है। कई बार बच्चे फिसलकर पानी में गिर जाते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है।

मरीज और बुजुर्ग भी बेहाल

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब हालत का सबसे ज्यादा असर मरीजों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। आपात स्थिति में एम्बुलेंस को भी इस रास्ते से गुजरने में परेशानी होती है। ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या को लेकर विधायक, सरपंच, विकास अधिकारी और संबंधित विभाग के अधिकारियों को कई बार ज्ञापन दिए गए। हाल ही में आयोजित शिविर में भी ग्रामीणों ने सड़क की समस्या अधिकारियों के सामने रखी, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों ने प्रशासन से वनस्थली-रामपुरा-देवपुरा मार्ग का शीघ्र निर्माण एवं मरम्मत करवाकर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *