प्रतिदिन नृत्य का अभ्यास
हुब्बल्ली के गब्बुर गली स्थित बाबा रामदेव भवन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं और युवाओं के साथ ही बालक-बालिकाओं में खासा उत्साह है। आयोजन में प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों और नृत्य की तैयारियों में युवा, बच्चे एवं बड़े सभी जुटे हुए हैं। प्रतिदिन नृत्य का अभ्यास भी किया जा रहा है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम
श्री रामदेव उत्सव मंडल की ओर से शुक्रवार 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 7 बजे से रात 12 बजे तक चलेगा। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, पूजा-अर्चना, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम होंगे। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के साथ आयोजन का विशेष आकर्षण रहेगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से परिवार सहित महोत्सव में शामिल होकर धर्म और भक्ति के इस पर्व का आनंद लेने का आग्रह किया है।


