राजस्थान में एक बार फिर मानसून के सक्रिय होने के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार 3 से 7 सितंबर के बीच पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। वहीं 4 और 5 सितंबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। ऐसे में अगले कुछ दिन पूर्वी राजस्थान के लिए बारिश वाले रह सकते हैं।
मौसम विभाग के अनुसार इस समय वेल मार्क लो प्रेशर एरिया (WML) उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बना हुआ है। इसके साथ ही मानसून ट्रफ लाइन भी श्रीगंगानगर, रोहतक और लो प्रेशर एरिया से होकर गुजर रही है। इन्ही मौसम बदलावों के चलते राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने की स्थिति में है।
पिछले 24 घंटों में राजस्थान के पूर्वी हिस्से के कोटपूतली-बहरोड़, अलवर, भरतपुर, दौसा, धौलपुर, जयपुर, करौली, भीलवाड़ा, टोंक, सवाई माधोपुर, बूंदी और कोटा में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। वहीं, राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम ज्यादातर शुष्क रहा। इस दौरान सबसे ज्यादा 27 मिमी बारिश भरतपुर के रूपवास में दर्ज की गई।
आज इन इलाकों में बारिश के आसार
3 सितंबर को भरतपुर, जयपुर, अजमेर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों के साथ शेखावाटी क्षेत्र में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इनमें भी भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं तेज बारिश के साथ भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 4 से 7 सितंबर के बीच भरतपुर, कोटा, जयपुर, अजमेर और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं 4 और 5 सितंबर को कोटा संभाग और इसके आसपास के जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने के आसार हैं।
पश्चिमी राजस्थान में कमजोर रहेगा मानसून
दूसरी ओर पश्चिमी राजस्थान में मानसून की स्थिति फिलहाल कमजोर रहने की संभावना है। जोधपुर संभाग के अधिकांश हिस्सों में आने वाले दिनों में भी कमजोर मानसूनी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। हालांकि 4 से 6 सितंबर के बीच बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, नागौर और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
8 सितंबर से फिर कम होगी बारिश
मौसम विभाग ने बताया कि 8 सितंबर से राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में एक बार फिर कमी आने की संभावना है। यानी अगले कुछ दिन पूर्वी राजस्थान के लिए बारिश वाले रहेंगे, जबकि इसके बाद मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ सकती हैं। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने यह अपडेट जारी किया है।

