उमरिया जिले के चंदिया थाना क्षेत्र में बुधवार को सड़क हादसे में राखड़ से भरे कैप्सूल वाहन के चालक की मौत हो गई। हादसा महानदी पुल से पहले एक मोड़ पर हुई, जहां वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराकर पलट गया। जानकारी के अनुसार, कैप्सूल वाहन क्रमांक (MP 20 ZP 3579) राखड़ लेकर उमरिया से कटनी की ओर जा रहा था। महानदी पुल से पहले मोड़ पर अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर उमरिया की दिशा में मुड़ गया और वह पलट गया। अस्पताल पहुंचाने पर मृत घोषित प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल चालक को चंदिया अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चंदिया थाना प्रभारी विजय सिंह पाटले ने बताया कि हादसे में चालक की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मृतक चालक की पहचान कटनी जिले के बरही थाना क्षेत्र के करेला निवासी शिवा यादव (29) पिता प्रकाश चंद्र यादव के रूप में हुई है। दुर्घटनाग्रस्त कैप्सूल वाहन के मालिक राकेश ग्रोवर निवासी कैमोर बताए गए हैं। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


