Dinesh Karthik on ENG vs PAK Test Series: इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 3-0 से हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम लगातार सवालों के घेरे में है। पूर्व भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने पाकिस्तान के प्रदर्शन के साथ-साथ टीम के चयन और लगातार हो रहे बदलावों पर भी सवाल उठाए हैं। कार्तिक ने खास तौर पर तेज गेंदबाज रजाउल्लाह के प्रदर्शन का उदाहरण देते हुए पूछा कि उन्हें सीरीज की शुरुआत से टीम में मौका क्यों नहीं दिया गया।
पहले दो टेस्ट में बेहद साधारण दिखा पाकिस्तान
दिनेश कार्तिक ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में इंग्लैंड-पाकिस्तान टेस्ट सीरीज को लेकर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि पहले दो टेस्ट में पाकिस्तान की टीम बेहद साधारण नजर आई और इंग्लैंड को चुनौती देने में पूरी तरह नाकाम रही। कार्तिक ने कहा कि पहले दो टेस्ट में पाकिस्तान अपनी दोनों पारियों को मिलाकर भी 90 ओवर नहीं खेल सका। उन्होंने माना कि पिचें बल्लेबाजी के लिए आसान नहीं थीं, लेकिन परिस्थितियां ऐसी भी नहीं थीं कि टीम दोनों पारियों में 90 ओवर पूरे न कर सके। उन्होंने इसे टेस्ट क्रिकेट के लिहाज से पर्याप्त प्रदर्शन नहीं माना।
रजाउल्लाह के चयन पर उठाया सवाल
दिनेश कार्तिक ने पाकिस्तान के चयन फैसलों पर पूर्व इंग्लैंड कप्तान नासिर हुसैन की आलोचना का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सीरीज के बीच सात खिलाड़ियों को बदलना और सपोर्ट स्टाफ में भी बदलाव करना टीम के लिए सही संकेत नहीं है। उन्होंने रजाउल्लाह का उदाहरण देते हुए सवाल किया कि अगर इस तेज गेंदबाज ने अपने डेब्यू टेस्ट में इतना प्रभावशाली प्रदर्शन किया, तो उन्हें शुरुआत से मौका क्यों नहीं दिया गया।
रजाउल्लाह ने एजबेस्टन टेस्ट में अपनी तेज गेंदबाजी से प्रभावित किया। उन्होंने लगातार 140 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से गेंदबाजी की और चार विकेट हासिल किए, जिसमें इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट का विकेट भी शामिल था। इसके अलावा उन्होंने बल्ले से भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 63 गेंदों पर 81 रन बनाए। उनकी पारी में चार चौके और नौ छक्के शामिल रहे।
‘पाकिस्तानी टीम की स्थिति चिंताजनक’
दिनेश कार्तिक ने पाकिस्तान टीम में लगातार हो रहे बदलावों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि टीम में कप्तानी और कोचिंग स्टाफ बदलने के कारण पूरा सेटअप अस्थिर नजर आ रहा है। इसका असर मैदान पर प्रदर्शन में भी दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि मौजूदा स्थिति में पाकिस्तान कई टेस्ट खेलने वाले देशों के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करने की स्थिति में नहीं दिखता। कार्तिक ने पाकिस्तान के टेस्ट क्रिकेट के समृद्ध इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि टीम अपनी क्षमता के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर रही है और स्थिति चिंताजनक है।
PCB ने किए बड़े बदलाव
पहले दो टेस्ट में हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टीम में बड़े बदलाव किए थे। सात खिलाड़ियों को बाहर किया गया, जबकि रजाउल्लाह समेत पांच अनकैप्ड खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया गया। सैम अयूब और अब्दुल्ला फजल की भी वापसी हुई। इसके साथ ही रेड-बॉल कोचिंग सेटअप में भी बदलाव किया गया। सरफराज अहमद और उमर गुल को हटाकर माइक हेसन और एश्ले नॉफके को जिम्मेदारी दी गई। हालांकि, हेसन के नेतृत्व में पाकिस्तान को एजबेस्टन में खेले गए तीसरे टेस्ट में भी हार का सामना करना पड़ा और इंग्लैंड ने 130 रन का लक्ष्य आठ विकेट से हासिल कर सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली।


PAKISTAN CRICKET’S NEW LOW – DINESH KARTHIK.