रजनीकांत की ‘Jailer 2’ हिंदी में नहीं होगी रिलीज, मेकर्स ने OTT को लेकर लिया बड़ा फैसला

रजनीकांत की ‘Jailer 2’ हिंदी में नहीं होगी रिलीज, मेकर्स ने OTT को लेकर लिया बड़ा फैसला

Jailer 2 Hindi Release: रजनीकांत की मोस्ट अवेटेड हिंदी तमिल एक्शन-थ्रिलर ‘जेलर 2’ आखिरकार इस गुरुवार, 15 अक्टूबर को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है, जो दशहरा की छुट्टी से ठीक पांच दिन पहले है। हालांकि, हिंदी बेल्ट में सुपरस्टार और फ्रैंचाइजी के प्रशंसकों को निराशा हो सकती है क्योंकि इस सीक्वल का डब्ड हिंदी वर्जन थिएटर में खासतौर पर PVR INOX और सिनेपोलिस जैसी नेशनल मल्टीप्लेक्स में रिलीज नहीं होगा।

‘जेलर 2’ हिंदी में रिलीज क्यों नहीं हो रही है?

‘जेलर 2’ को रजनीकांत की मौजूदगी के कारण ही नहीं, बल्कि इसकी बड़ी स्टार कास्ट के चलते भी एक पैन-इंडिया फिल्म के तौर पर पेश किया जा रहा था. इस फिल्म में हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के जाने-पहचाने चेहरे शामिल हैं, इनमें विद्या बालन और मिथुन चक्रवर्ती के नाम शामिल हैं. जहां विद्या बालन फिल्म के सीक्वल में विलेन की भूमिका निभा रही हैं. वहीं, मिथुन चक्रवर्ती फिल्म के पहले पार्ट के अपने किरदार को दोहराएंगे।

40 साल बाद ऋतिक रोशन और रजनीकांत एक साथ आएंगे नजर

कहा जा रहा है कि ऋतिक रोशन और जैकी श्रॉफ भी फिल्म में कैमियो कर रहे हैं. बता दें कि इस फिल्म में ऋतिक रोशन और रजनीकांत एक साथ 40 साल बाद साथ नजर आएंगे। इससे पहले दोनों 1986 में जे ओम प्रकाश की बॉलीवुड फिल्म ‘भगवान दादा’ में साथ नजर आए थे। राकेश रोशन द्वारा निर्मित उस फिल्म में उनके 15 वर्षीय ऋतिक ने लीड एक्टर रजनीकांत के साथ पहली बार स्क्रीन शेयर की थी।

हिंदी दर्शकों को जेलर 2 की OTT रिलीज का करना होगा इंतजार

SCREEN से बातचीत में एग्जिबिटर्स ने बताया है कि ‘जेलर 2’ हिंदी में सिनेमाघरों में रिलीज नहीं होगी। ऐसे में हिंदी दर्शकों को फिल्म देखने के लिए ओटीटी रिलीज का इंतजार करना पड़ सकता है। कलानिधि मारन के प्रोडक्शन हाउस ‘सन पिक्चर्स’ ने इस फिल्म को प्रोड्यूस किया है, और उन्होंने एक बड़े OTT प्लेटफॉर्म के साथ डील की है। इस डील के मुताबिक, फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होने के चार हफ्ते के अंदर सभी भाषाओं में ओटीटी पर स्ट्रीम की जाएगी।

क्या हिंदी में रिलीज न होने से ‘जेलर 2’ के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर असर पड़ेगा?

‘जेलर 2’ के हिंदी में सिनेमाघरों में रिलीज न होने से इसके बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर असर पड़ सकता है। वहीं, इस फैसले का फायदा इस शुक्रवार, 16 अक्टूबर को रिलीज होने वाली दो हिंदी फिल्मों को मिल सकता है। इनमें राजकुमार राव की कोर्टरूम ड्रामा ‘प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम’ और यामी गौतम की हॉरर कॉमेडी ‘नई नवेली’ शामिल हैं। हिंदी में ‘जेलर 2’ रिलीज न होने से इन फिल्मों को रजनीकांत की फिल्म से बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला नहीं करना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *