नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर वाराणसी में रामलीला में आए हाथी के बेकाबू हो जाने को लेकर है। वहीं, दूसरी खबर सहारनपुर में थार के डिवाइडर से टकराने की वजह से तीन दोस्तों की मौत से जुड़ी है। आइए, सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- काशी में रामलीला से पहले हाथी बेकाबू, महावत को पटका, खंभे उखाड़े वाराणसी की मशहूर रामलीला में आजमगढ़ से आया हाथी बेकाबू हो गया। उसने बिजली के खंभे, दीवारें और दुकानें तोड़ दीं। महावत को सूंड से उठाकर पटक दिया और कुचलने की कोशिश की। महावत को 50 टांके लगे हैं। हाथी को काबू करने के लिए वन विभाग-NDRF समेत 200 लोग जुटे हैं। 2 किमी का इलाका सील कर रास्ते बंद किए गए। क्षेत्र की बिजली काट दी गई है। पूरी खबर पढ़ें 2- आगरा के 3 दोस्तों की सहारनपुर में मौत, मसूरी जा रहे थे, थार डिवाइडर में टकराई सहारनपुर में रविवार तड़के थार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर घायल हैं। पांचों दोस्त दशहरे पर आगरा से मसूरी घूमने जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि थार का अगला हिस्सा पिचक गया। साहिल इकलौता बेटा था। उसकी मौत से मां और बहन बेसुध हो गईं। राहुल और सक्षम के पिता भी बेटों के शव देखकर फूट-फूटकर रो पड़े। पूरी खबर पढ़ें 3- मॉडल श्रद्धा करेगी सरेंडर, लखनऊ कोर्ट में अर्जी डाली, मीडिया के सामने आई लखनऊ के शिवा शर्मा हत्याकांड में मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे ने कोर्ट में सरेंडर की अर्जी दी है। इसके कुछ देर बाद रविवार को पहली बार सामने आकर एक न्यूज एजेंसी को इंटरव्यू दिया। कहा, मैंने शिवा की हत्या नहीं की। वह मेरी आंखों के सामने बिल्डिंग से कूदा था। उधर, पुलिस ने इनाम की राशि 50 हजार कर दी है। वह 9 दिनों से फरार है। उसके खिलाफ NBW जारी है। पूरी खबर पढ़ें 4- राज्य कर्मचारियों को बोनस देने की तैयारी, पेंशनर्स को भी उम्मीद यूपी के 12 लाख से ज्यादा राज्य कर्मचारियों को दिवाली से पहले बोनस देने की तैयारी है। बोनस 3,400 से 7,000 रुपए तक हो सकता है। इसके साथ कर्मचारियों का 3% DA और पेंशनरों का 3% DR बढ़ने की भी उम्मीद है। उधर, परिषदीय विद्यालयों के सहायक अध्यापकों की पदोन्नति प्रक्रिया तेज हो गई है। सभी जिलों को 23 अक्टूबर तक वरिष्ठता सूची देने का निर्देश मिला है। पूरी खबर पढ़ें 5- नोएडा में परिवार के 5 लोगों की मौत, 2 बहन-बहनोई गिरफ्तार, एक साथ उठीं अर्थियां ग्रेटर नोएडा में पति-पत्नी और 3 बच्चों की मौत के मामले में दो बहनों और एक बहनोई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मिली है। इसमें महेश ने बड़ी बहन सुनीता, बहनोई शेखर और छोटी बहन सपना को जिम्मेदार बताया है। उधर, देर रात को पांचों शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पूरी खबर पढ़ें अब अहम 8 खबरें… 6- लखनऊ में दुर्गा अवतार में मायावती की पूजा, युवक बोला-ये मेरी मैया लखनऊ में रविवार को मायावती की मूर्तियों के सामने अनोखी पूजा की गई। यहां के युवक आशुतोष पाठक ने शंख बजाकर और आरती उतारकर दुर्गा अवतार में मायावती की आठ भुजाओं वाली तस्वीर लगाकर पूजा की। आशुतोष ने कहा- ये हमारी मैया हैं, हम उनके पुजारी हैं। हम बसपा के कार्यकर्ता नहीं हैं। न ही बसपा से कोई लेना-देना है। हम मायावती की पूजा करते हैं। 7- नामर्द कहने वाली राखी सावंत बोलीं- जेल जाना मंजूर; झांसी के लड़के की मौत हुई थी झांसी कोर्ट ने 16 साल पुराने मामले में बॉलीवुड अभिनेत्री राखी सावंत के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। आरोप है कि 2010 में ‘राखी का इंसाफ’ शो में झांसी के लक्ष्मण प्रसाद अहिरवार को ‘नामर्द’ कहा तो युवक की सदमे में युवक की मौत हो गई थी। वारंट पर राखी ने कहा- ‘जेल जाना पड़े तो चले जाएंगे। मैं तो होस्ट थी, चैनल जो बोलने को कहता था, वही बोलती थी।’ पूरी खबर पढ़ें 8- लखनऊ में अखिलेश, राहुल को रावण बताया, होर्डिंग पर लिखा- सनातन भारत के विरोधी रावण लखनऊ में दशहरे से पहले रावण के 10 सिर की तर्ज पर एक होर्डिंग रातोंरात लगाई गई है। इसमें पहले सिर पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव और दूसरे पर एलन मस्क की तस्वीर है। अन्य सिरों पर मुख्तार अंसारी, अतीक अहमद, आजम खान, जॉर्ज सोरोस, राहुल गांधी आदि की तस्वीरें हैं। लिखा है- सनातन भारत के विरोधी रावण। हालांकि, कई जगह होर्डिंग्स को फाड़े गए। पूरी खबर पढ़ें 9- अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक्ट्रेस उर्मिला के घर पहुंची CBI, एक दिन पहले भी पहुंची थी अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच के सिलसिले में CBI की टीम रविवार दोपहर एक्ट्रेस उर्मिला सनावर के सहारनपुर स्थित घर पहुंची। टीम में एक महिला समेत 4 अधिकारी हैं, 2 गाड़ियों से आए हैं। इससे पहले शनिवार को भी CBI टीम पहुंची थी, लेकिन घर पर कोई नहीं था। उर्मिला दिल्ली में अंकिता के माता-पिता के साथ हैं। अंकिता की 2022 में होटल में हत्या कर दी गई थी। पूरी खबर पढ़ें 10- सुभासपा का मंत्री अनिल राजभर की सीट पर दावा; डिप्टी सीएम का अखिलेश को पलटवार यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए सुभासपा ने 33 सीटों पर दावा किया है। इनमें कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर की वाराणसी की शिवपुर सीट भी शामिल है। उधर, अखिलेश यादव के भाजपा का ‘पाप का घड़ा’ भरने वाले बयान पर डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कहा कि विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी चारों खाने चित्त हो जाएगी। भाजपा 2027 ही नहीं, 2047 तक रहेगी। पूरी खबर पढ़ें 11- वृंदावन में DPS छात्र की मौत, अपार्टमेंट में लाश मिली, पिता CISF में तैनात मथुरा के वृंदावन में 11 मंजिला अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर पर DPS के छात्र राज का शव मिला। शनिवार शाम वह घर से टहलने निकला था लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजन तलाश कर रहे थे, तभी उन्हें उसकी लाश मिलने की सूचना मिली। छात्र मां नीतू गौतम और बड़ी बहन के साथ मौसा के घर आया था। पिता CISF में हैं। अभी साफ नहीं कि यह हादसा हत्या है या आत्महत्या। पूरी खबर पढ़ें 12- बलरामपुर में नशे में कार चला रहे युवक ने 7 को रौंदा, दुर्गा पंडाल के बाहर 3 की मौत बलरामपुर में दुर्गा पंडाल के बाहर प्रोजेक्टर पर कार्यक्रम देख रहे 7 लोगों को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। हादसे में 3 की मौत हो गई, जबकि 4 गंभीर घायल हैं। शनिवार रात कार टेंट में घुसकर दीवार से टकरा गई। हादसे के बाद भाग रहे ड्राइवर को लोगों ने 15 किमी पीछा कर पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ड्राइवर नशे में धुत था और कार में शराब की बोतलें थीं। पूरी खबर पढ़ें 13- कानपुर में झूला झूलते समय साड़ी में फंसी छात्रा की गर्दन, मौत कानपुर में घर में झूला झूलते समय 8वीं की छात्रा की गर्दन धोती में फंस गई। दम घुटने से उसकी मौत हो गई। घटना के वक्त मां सामने बैठकर चाय पी रही थीं। उन्हें लगा कि बेटी छोटे भाई के साथ झूला झूल रही है। कुछ देर बाद मां बुलाने पहुंचीं तो जवाब नहीं मिला। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। छात्रा को कराटे में मेडल मिल चुका है। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है… 14- कार के दरवाजों में बनाया था गुप्त दराज, मिले 2.65 करोड़ रुपये हापुड़ में कार के दरवाजों में बने गुप्त खानों से 2.65 करोड़ रुपए मिले हैं। DRI ने पिलखुवा में छिजारसी टोल के पास कार से कुल 3 करोड़ रुपए बरामद किए। कार शाहजहांपुर से दिल्ली जा रही थी। तलाशी में एक बैग से 35 लाख रुपए भी मिले। कैसा रहेगा कल का मौसम 15- मौसम सामान्य रहेगा, धूप निकलेगी 19 अक्टूबर को यूपी के अधिकतर जिलों में मौसम साफ और शुष्क रहेगा। मौसम विभाग ने पूरे यूपी को सुरक्षित ‘हरे’ (Green) अलर्ट में रखा है। सुबह से ही धूप निकलने का अनुमान है। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…

