गुजरात की एक कंपनी से जुड़े कथित बड़े निवेश धोखाधड़ी मामले में 69 वर्षीय एक व्यक्ति को तेलंगाना के आदिलाबाद जिले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। आदिलाबाद के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अखिल महाजन ने एक बयान में बताया कि तालामाडुगु थाने में दर्ज मामले में मिली विश्वसनीय जानकारी के आधार पर पुलिस ने 13 अक्टूबर की रात ‘यूनिक मर्केंटाइल इंडिया लिमिटेड’ के प्रबंध निदेशक/पूर्णकालिक निदेशक राज कुमार रॉय को गिरफ्तार किया।
महाजन ने कहा कि आरोपी ने कथित तौर पर आकर्षक निवेश योजनाओं, चिट फंड के लाभ और ऊंचे रिटर्न का वादा करके लोगों से पैसे जुटाए। शुरुआती जांच के अनुसार, इस धोखाधड़ी में तेलंगाना में सैकड़ों करोड़ रुपये शामिल हो सकते हैं और देशभर में करीब 10,000 लोग इसके शिकार हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने ‘यूनिक’ कंपनियों के नाम पर विभिन्न निवेश योजनाएं पेश कर एजेंटों के जरिये निवेशकों को आकर्षित किया।
सालाना भुगतान योजनाओं, मासिक किस्तों, सावधि जमा और अन्य योजनाओं के माध्यम से रकम जुटाई गई। निवेशकों से मूल राशि के साथ अतिरिक्त लाभ देने का वादा किया गया। उन्हें जरूरत पड़ने पर अच्छी जगहों पर भूखंड उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया गया।
पुलिस ने बताया कि परिपक्वता अवधि पूरी होने के बाद भी कथित तौर पर वादा की गई रकम नहीं लौटाई गई और भुगतान में देरी होती रही। इसके बाद कई पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की, जिसके आधार पर मामले दर्ज किए गए। महाजन के अनुसार, आदिलाबाद जिले के विभिन्न थानों में कंपनी के खिलाफ मामले दर्ज हैं।
आरोपी से पूछताछ में पता चला कि आदिलाबाद शाखा में करीब 2,000 सदस्यों से जुड़े लेन-देन की कुल राशि लगभग सात से आठ करोड़ रुपये थी। पुलिस जिले में पीड़ितों की संख्या और निवेशकों की कुल नुकसान राशि का पता लगाने के लिए आगे जांच कर रही है।

