मथुरा में यमुना नदी का जलस्तर कम होने के बाद नाव संचालन की अनुमति की मांग को लेकर शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे दर्जनभर नाविक कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी से मुलाकात कर गोकुल के ठाकुरानी घाट पर नाव चलाने की लिखित अनुमति मांगी। नाविकों का कहना है कि यमुना का जलस्तर अब सामान्य हो गया है और कई अन्य स्थानों पर नावों का संचालन शुरू हो चुका है। हालांकि, गोकुल में पुलिस द्वारा अभी भी नाव चलाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। नाविक रोहित कुमार ने बताया कि यमुना में जलस्तर बढ़ने के दौरान प्रशासन के निर्देश पर नाव संचालन बंद कर दिया गया था। अब स्थिति सामान्य होने के बावजूद गोकुल में नाव संचालन शुरू नहीं हो पा रहा है, क्योंकि पुलिसकर्मी लिखित अनुमति मांग रहे हैं। नाविक गनेशी लाल ने कहा कि वे लंबे समय से यमुना में नाव चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते आ रहे हैं। नाव संचालन बंद होने से उनकी रोजी-रोटी का संकट गहरा गया है और कई परिवारों के सामने दैनिक जरूरतों को पूरा करने में आर्थिक परेशानी आ रही है। नाविकों ने जिलाधिकारी से मांग की कि यमुना के वर्तमान जलस्तर और परिस्थितियों का निरीक्षण कर उन्हें ठाकुरानी घाट गोकुल पर नाव संचालन की लिखित अनुमति प्रदान की जाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे प्रशासन के सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करते हुए नावों का संचालन करने के लिए तैयार हैं। दर्जनभर नाविकों ने जिलाधिकारी से मामले में जल्द कार्रवाई करते हुए लिखित अनुमति जारी करने का आग्रह किया है, ताकि वे अपना रोजगार दोबारा शुरू कर सकें।


