यमुनानगर के जठलाना थाना क्षेत्र के गांव कंड्रोली में जमीन को लेकर चल रहे विवाद के बीच एक बाड़े से लाखों रुपये का सामान चोरी करने का मामला सामने आया है। गांव निवासी सुरेंद्र पाल ने मौजूदा सरपंच मांगेराम समेत कई नामजद लोगों और 20 से 25 अन्य व्यक्तियों पर दिनदहाड़े चोरी करने का आरोप लगाया है। उसके अनसुार आरोपी घेर-बाड़े से सरिया, कृषि उपकरण, शीशम की लकड़ी, ईंटें, बिजली की मोटर, लोहे के गेट, खिड़की-दरवाजे व अन्य सामान ले गए है। इतना ही नहीं बाद में उसे जान से मारने की धमकी भी दी। जठलाना थाना पुलिस ने सरपंच सहित नौ लोगों को नामजद करते हएु 20 से 25 अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। थाने बुलाया गया था, पीछे से बाड़े से सामान ले जाने का आरोप पुलिस को दी शिकायत में सुरेंद्र पाल ने बताया कि संबंधित जगह को लेकर उसने अदालत में केस दायर किया हुआ है। उसके अनुसार मामले में स्टेट ऑफ हरियाणा, एसडीएम रादौर और डीडीपीओ यमुनानगर को पार्टी बनाया गया है। बाद में गांव के सरपंच मांगेराम की ओर से भी इस मामले में पार्टी बनने के लिए आवेदन दिया गया था। सुरेंद्र पाल ने बताया कि उसे केस संबंधित जांच में जठलाना थाने बुलाया गया था। वहां पहुंचने पर पता चला कि जांच अधिकारी यमुनानगर कोर्ट गए हुए हैं। इसके बाद वह भी अपने काम से यमुनानगर चला गया। इसी दौरान उसके घर से फोन आया और बताया गया कि उसके बाड़े वाली जगह पर कई लोग पहुंचे हैं और वहां पड़ा सामान ले जाया जा रहा है। 10 क्विंटल सरिया से लेकर कृषि उपकरण तक ले जाने का आरोप शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि सरपंच मांगेराम के अलावा सन्नी, सुरेश, रमेश, मुकेश, पवन, सोनू, रोहित, सन्नी पुत्र धर्मबीर, केहर सिंह, सलिंद्र, बलिंद्र, रणदीप और अमित समेत कई लोग इस चोरी में शामिल थे। इसके अतिरिक्त उसने करीब 20 से 25 अन्य लोग भी उनके साथ आए थे। सुरेंद्र पाल के मुताबिक उसके बाड़े से करीब 10 क्विंटल सरिया, लगभग एक लाख रुपये कीमत के शीशम के फट्टे, एक करा, एक टिलर और एक हैरो ले जाया गया। उसने टिलर, हैरो व अन्य संबंधित सामान की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई है। इसके अलावा बड़ी मात्रा में पक्की ईंटें, तीन बिजली की मोटर, लोहे के गेट, चार-पांच खिड़कियां, चार-पांच दरवाजे, लोहे के पाइप, करीब 10 लोहे की एंगल, प्लास्टिक की करीब 10 क्रेट, टीन व लोहे की 17 चादरें और लोहे के दो बड़े पिंजरे समेत अन्य सामान चोरी करने का आरोप लगाया गया है। जठलाना थाना प्रभारी अमित ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

