यमुनानगर में NH-344 पर मंडौली गांव के पास सड़क हादसे में करीब 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। उसका शव CNG पंप के सामने हाईवे किनारे नाले के पास झाड़ियों में पड़ा मिला। मौके पर सफेद रंग की स्विफ्ट कार के टूटे हुए पार्ट भी मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि किसी तेज रफ्तार कार ने व्यक्ति को टक्कर मारी और चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। सदर थाना पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। राहगीर ने झाड़ियों में पड़ा हुआ देखा गांव मंडौली निवासी असरत ने पुलिस को बताया कि वह करेडा खुर्द स्थित पारस प्लाईवुड में रात की शिफ्ट में काम करता है। वह मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। जब वह NH-344 पर मंडौली के इंडियन फिलिंग स्टेशन के सामने पहुंचा तो उसे हाईवे की उत्तरी दिशा में नाले के पास झाड़ियों में एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा दिखाई दिया। उसने मोटरसाइकिल रोककर व्यक्ति को देखा तो वह मृत प्रतीत हो रहा था। उसके सिर और मुंह से खून निकल रहा था। आसपास सफेद रंग की स्विफ्ट कार के टूटे हुए पार्ट भी पड़े थे। उसने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी। इसके बाद ERV मौके पर पहुंची और पुलिस चौकी कलानौर से पुलिसकर्मी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस मृतक की शिनाख्त का कर रहे प्रयास सदर थाना प्रभारी कमलजीत सिंह के अनुसार, व्यक्ति की उम्र करीब 40 वर्ष है। उसके सिर, मुंह और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें लगी हुई थीं। पुलिस ने मौके की वीडियोग्राफी कराई और सफेद स्विफ्ट कार के टूटे हुए पार्ट कब्जे में लिए। घायल व्यक्ति को सरकारी वाहन से ट्रॉमा सेंटर यमुनानगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अज्ञात व्यक्ति को औरंगाबाद की तरफ से कलानौर की ओर जा रही सफेद रंग की स्विफ्ट कार ने टक्कर मारी होगी। हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण होने की आशंका है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के शव को पहचान के बाद पोस्टमार्टम के लिए ट्रॉमा सेंटर के डेड हाउस में रखवाया है। मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में उसकी पहचान कराने के प्रयास कर रही है और मौके से मिले कार के टूटे पार्ट के आधार पर हादसे में शामिल वाहन का पता लगाने में जुटी है। वहीं आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

