यमुनानगर के बिलासपुर क्षेत्र के गांव फतेहगढ़ तुंबी के बस अड्डे के पास सड़क हादसे में घायल हुए अज्ञात युवक की सात दिन बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद भी मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। व्यासपुर थाना पुलिस ने गांव के सरपंच बलदेव सिंह के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी एसआई विनोद कुमार के अनुसार 1 सितंबर की रात करीब 9 बजे फतेहगढ़ तुंबी बस अड्डे से बिलासपुर की ओर करीब 500 मीटर की दूरी पर एक अज्ञात युवक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। हादसे की सूचना मिलने पर ग्रामीण और सरपंच बलदेव सिंह मौके पर पहुंचे। राहगीरों की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल बिलासपुर पहुंचाया गया। मृतक की शिनाख्त का प्रयास कर रही पुलिस अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद युवक को गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घायल का बयान दर्ज करने का प्रयास किया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे बयान देने के लिए अनफिट बताया। पुलिस ने आसपास के गांवों और फतेहगढ़ तुंबी के लोगों से भी युवक की पहचान करवाने का प्रयास किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को बीती रात पीजीआई चंडीगढ़ से घायल युवक की मौत की सूचना मिली। इसके बाद फतेहगढ़ तुंबी के सरपंच बलदेव सिंह ने पुलिस को लिखित बयान देकर बताया कि उन्होंने अपने स्तर पर भी युवक की पहचान और उसके परिजनों का पता लगाने की काफी कोशिश की, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ धारा 106 और 281 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब हादसे को अंजाम देने वाले वाहन और उसके चालक का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। मृतक की पहचान के प्रयास भी जारी हैं।

