मोहाली के सन्नी एनक्लेव इलाके में शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेज रफ्तार ग्रे रंग की KIA सोनेट कार (PB-65-AZ-5589) ने कई वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर जब आसपास के लोग घरों से बाहर निकले, तो देखा कि कुछ युवक आरोपी कार चालक को पीट रहे थे। जानकारी के अनुसार, कार चालक नशे की हालत में था। सन्नी एनक्लेव में घुसने से पहले उसने चंडीगढ़ हाईवे पर निज्जर चौक के पास एक अन्य कार को दो बार टक्कर मारी और भागने लगा। इसके बाद उस कार में सवार तीन युवकों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। पीछा किए जाने से घबराकर आरोपी चालक सन्नी एनक्लेव में पुलिस चौकी वाली गली की तरफ मुड़ गया, जहां चौकी से मात्र 50 मीटर की दूरी पर मकान नंबर 138-बी के बाहर खड़े वाहनों से जा टकराया। कई गाड़ियां और एक्टिवा क्षतिग्रस्त, पुलिस वाहन को भी मारी टक्कर इस हादसे में एडवोकेट अविनाश कुमार शर्मा की एक्टिवा और घर के बाहर खड़ी एक्सटर कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके अलावा उनके पड़ोसी एडवोकेट हेमराज और उनके बेटे की मारुति इग्निस समेत एक अन्य वाहन को भी भारी नुकसान पहुंचा। पीछा कर रहे युवकों ने बताया कि आरोपी ने भागने के दौरान रास्ते में पुलिस चौकी के बाहर खड़े पुलिस वाहन को भी टक्कर मारी थी। चालक जालंधर का निवासी, गाड़ी से बरामद हुआ लेडीज पर्स घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम दिवांशु, निवासी जालंधर बताया। पुलिस जांच में सामने आया कि दुर्घटनाग्रस्त कार मोहाली की एक महिला के नाम पर पंजीकृत है और कार से एक लेडीज पर्स भी बरामद हुआ है। पीछा कर रहे युवकों का आरोप है कि आरोपी ने रास्ते में अपना मोबाइल फोन और पर्स किसी साथी को थमा दिया था, जो मौके से फरार हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है। कार पर पहले से पेंडिंग हैं ₹44,000 के 10 चालान पुलिस ने जब आरोपी की कार का रिकॉर्ड खंगाला तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। इस वाहन पर यातायात नियमों के उल्लंघन के करीब 10 चालान पेंडिंग पाए गए, जिनकी कुल राशि ₹44,000 है। इससे साफ है कि आरोपी चालक लंबे समय से बेखौफ होकर ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाता आ रहा था। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

