मोगा जिले के गांव जलालाबाद के नजदीक स्थित करण ढाबे पर अचानक गोली चलने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान संदीप सिंह निवासी गांव जलालाबाद पूर्वी के रूप में हुई है। वह ढाबे पर काम करता था। इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है। जानकारी के अनुसार, संदीप सिंह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी 2 बड़ी बहनें हैं। उसके माता-पिता दिहाड़ी-मजदूरी करके परिवार का गुजारा चलाते हैं। परिवार के इकलौते बेटे की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। संदीप और उसकी साथी से ले रहे थे रिवॉल्वर इस संबंध में डीएसपी धर्मकोट सुखविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को करण ढाबे पर गोली चलने की सूचना मिली थी, जिसमें करीब 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच के अनुसार, विक्रम सिंह और संदीप सिंह दोनों रिवॉल्वर देख रहे थे। इसी दौरान विक्रम सिंह से अचानक गोली चल गई, जो संदीप सिंह के सीने में लगी। घायल संदीप को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मामले की जांच कर रही पुलिस डीएसपी सुखविंदर सिंह ने बताया कि विक्रम सिंह के खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

