मॉस्को में उतरा अमेरिकी सैन्य विमान, रूस प्रशासन बोला- हमें कोई जानकारी नहीं

मॉस्को में उतरा अमेरिकी सैन्य विमान, रूस प्रशासन बोला- हमें कोई जानकारी नहीं

US military plane Moscow: मॉस्को के नुकोवो एयरपोर्ट पर मंगलवार को अमेरिकी वायुसेना का एक सैन्य ट्रांसपोर्ट विमान उतरा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार फ्लाइट ट्रैकिंग सेवा फ्लाइटरडार24 के मुताबिक, अमेरिकी वायुसेना का बोइंग C-17 ग्लोबमास्टर III विमान सुबह करीब 10:04 बजे मॉस्को पहुंचा। हालांकि, इस विमान के मॉस्को पहुंचने को लेकर क्रेमलिन(रूसी राष्ट्रपति का आधिकारिक घर) ने कहा है कि उसके पास फिलहाल कोई जानकारी नहीं है। विमान की मॉस्को में लैंडिंग ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका और रूस के बीच संबंधों पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि विमान किस उद्देश्य से मॉस्को पहुंचा था।

रीगा से मॉस्को पहुंचा अमेरिकी विमान

फ्लाइटरडार24 के अनुसार, टेल नंबर RCH4555 वाला अमेरिकी सैन्य विमान 25 अगस्त की सुबह लातविया की राजधानी रीगा से मॉस्को के लिए रवाना हुआ था। विमान ने करीब 10:04 बजे नुकोवो एयरपोर्ट पर लैंड किया। रिपोर्ट के मुताबिक, यह विमान 23 अगस्त को रीगा पहुंचा था। उससे पहले उसकी उड़ान अमेरिका के मैरीलैंड स्थित कैंप स्प्रिंग्स से शुरू हुई थी।

एंड्रयूज एयर फोर्स बेस से जुड़ा है कैंप स्प्रिंग्स

कैंप स्प्रिंग्स में अमेरिका का एंड्रयूज एयर फोर्स बेस स्थित है। यह अमेरिकी राष्ट्रपति की हवाई यात्राओं से जुड़े प्रमुख सैन्य ठिकानों में शामिल है। राष्ट्रपति की आधिकारिक यात्रा के लिए इस्तेमाल होने वाले विमान, जिसमें एयर फोर्स वन भी शामिल है, इसी बेस से जुड़े रहे हैं। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के आधार पर यह पुष्टि नहीं हुई है कि मॉस्को पहुंचा C-17 विमान किसी अमेरिकी राष्ट्रपति या वरिष्ठ अधिकारी से जुड़ा हुआ था।

विमान के मिशन को लेकर अभी तस्वीर साफ नहीं

मॉस्को पहुंचने वाले इस अमेरिकी सैन्य विमान के मिशन को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। फ्लाइटरडार24 पर भी मॉस्को पहुंचने के बाद विमान की आगे की गतिविधि ट्रैक नहीं हो रही है। क्रेमलिन की ओर से भी विमान के आगमन को लेकर किसी तरह की जानकारी होने से इनकार किया गया है। ऐसे में विमान के मॉस्को पहुंचने का वास्तविक उद्देश्य अभी स्पष्ट नहीं है।

क्या है C-17 ग्लोबमास्टर III?

बोइंग C-17 ग्लोबमास्टर III अमेरिकी वायुसेना का भारी सैन्य परिवहन विमान है। इसका इस्तेमाल लंबी दूरी तक सैनिकों, सैन्य उपकरणों और अन्य भारी सामान को पहुंचाने के लिए किया जाता है। यह विमान सैन्य अभियानों के लिए अमेरिकी वायुसेना के प्रमुख विमानों में शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *