Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में ट्रक कंडक्टर की हत्या के बाद पोस्टमार्टम हाउस में हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में मैनपुरी के सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह कुछ लोगों से बहस करते और मूंछों पर ताव देते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान वह वीडियो बनाकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव को भेजने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर सीओ पर तंज कसा है। उन्होंने सत्ता और जातीय संरक्षण का जिक्र करते हुए पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।
अखिलेश ने कविता के जरिए साधा निशाना
अखिलेश यादव ने वायरल वीडियो शेयर करते हुए पुलिस अधिकारी पर सीधे हमला बोला। उन्होंने सत्ता और जातीय संरक्षण का जिक्र करते हुए पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाए। अखिलेश ने लिखा कि ऐसे लोगों से इंसाफ की उम्मीद नहीं की जा सकती। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यह स्थिति ज्यादा दिनों तक नहीं रहेगी और बदलाव दस्तक दे रहा है। अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा-
सिर पर ‘सत्ता-सजातीय’ हाथ है
इसीलिए इनकी मूंछों पर ताव है
ऐस लोगों से क्या होना इंसाफ़ है
पर अब ये कुछ दिनों की बात है
क्योंकि दस्तक दे रहा बदलाव है… हम निलंबन की मांग नहीं करेंगे!
हत्या के बाद पोस्टमार्टम हाउस में हुआ विवाद
पूरा मामला एलाऊ थाना क्षेत्र के संतोष नगर गांव का है। यहां शराब के ठेके के सामने हमलावरों ने एक ट्रक को रोककर फायरिंग कर दी थी। गोलीबारी में ट्रक कंडक्टर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया। घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मैनपुरी पोस्टमार्टम हाउस लाया गया था।
परिजनों से बातचीत के दौरान सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह भी मौके पर मौजूद थे। इसी दौरान वहां कुछ लोगों से उनकी बहस हो गई। कुछ लोग घटना का वीडियो बनाने लगे। बताया गया कि पहले सीओ ने वीडियो बनाने से मना किया, लेकिन जब लोग नहीं माने तो उन्होंने नाराजगी जताई।
‘वीडियो अखिलेश यादव को भेज देना’
वायरल वीडियो में हंगामे के बीच एक युवक लगातार अखिलेश यादव से शिकायत करने की बात कहता सुनाई देता है। इसी दौरान सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह ने वीडियो बना रहे लोगों से कहा कि वीडियो बनाओ और अखिलेश यादव को भेज दो। इसी दौरान वह अपनी मूंछों पर ताव देते हुए भी नजर आए।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर इसको लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं। मामला राजनीतिक रंग भी लेने लगा और अखिलेश यादव ने इसे लेकर सरकार और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए।
जून में मैनपुरी आए थे अशोक सिंह
मैनपुरी के सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले हैं। जून 2026 में उनका तबादला औरैया से मैनपुरी हुआ था। हत्या के बाद पोस्टमार्टम हाउस में हुई इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद अब उनके बयान और व्यवहार को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में साफ तौर पर कहा कि वह निलंबन की मांग नहीं करेंगे। उन्होंने अपने अंदाज में बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि अब यह कुछ दिनों की बात है। ऐसे में वायरल वीडियो के बहाने मैनपुरी की यह घटना पुलिस कार्रवाई के साथ-साथ सियासी बहस का मुद्दा भी बन गई है।

