संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज एग्जामिनेशन-2026 (सीडीएस) और नेशनल डिफेंस एकेडमी एंड नेवल एकेडमी एग्जामिनेशन-2026 (एनडीए-एनए) की परीक्षा 13 सितंबर को जिले के 15 निर्धारित केंद्रों पर होगी। परीक्षा को लेकर केंद्रों पर व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। सीडीएस परीक्षा तीन पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9 से 11 बजे, दूसरी दोपहर 12:30 से 2:30 बजे और तीसरी शाम 4 से 6 बजे तक होगी। वहीं एनडीए-एनए की परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 से 12:30 बजे और दूसरी दोपहर 2 से 4:30 बजे तक होगी। परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले केंद्राध्यक्ष, एलआईओ, असिस्टेंट सुपरवाइजर और संबंधित कर्मचारियों की केंद्र पर उपस्थिति अनिवार्य होगी। अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटे पहले प्रवेश शुरू किया जाएगा। परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले केंद्र का गेट बंद कर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को ई-एडमिट कार्ड के साथ आवेदन में दर्ज फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र लाना होगा। परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, बैग और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री ले जाने पर रोक रहेगी। केंद्रों पर क्लॉक रूम की सुविधा भी उपलब्ध नहीं होगी।

