जापान में 19 सितंबर से 4 अक्तूबर तक होने वाले 20वें एशियन गेम्स के लिए युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने भारतीय दल की सूची जारी कर दी है। एथलेटिक्स में मेरठ से चार महिला खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इनमें पारुल चौधरी, नीरू पाठक, प्रियंका गोस्वामी और अन्नू रानी शामिल हैं। खिलाड़ियों के चयन से उनके परिजनों और कोचिंग स्टाफ में खुशी का माहौल है।
खेल मंत्रालय की ओर से एथलेटिक्स, क्रिकेट, कबड्डी, हॉकी, कराटे समेत विभिन्न खेलों के लिए कुल 492 खिलाड़ियों की सूची जारी की गई है। एथलेटिक्स में 73 खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें 35 पुरुष और 38 महिला एथलीट हैं। इनमें मेरठ की चार महिला खिलाड़ी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। मेरठ के इकलौता गांव की रहने वाली पारुल चौधरी एशियन गेम्स में 5000 मीटर, 3000 मीटर स्टीपलचेज और 1500 मीटर दौड़ में हिस्सा लेंगी। पारुल पिछले एशियन गेम्स में स्वर्ण और रजत पदक जीत चुकी हैं। बहादुरपुर गांव निवासी अन्नू रानी भाला फेंक प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। वह पिछले एशियन गेम्स में भाला फेंक में पदक जीत चुकी हैं। वहीं, 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स की रजत पदक विजेता प्रियंका गोस्वामी पैदल चाल प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। मूल रूप से अलीगढ़ की रहने वाली नीरू पाठक ने मेरठ की एनएएस स्पोर्ट्स एकेडमी में प्रशिक्षण हासिल किया है। उनका चयन 4×400 मीटर महिला रिले टीम के लिए हुआ है। चारों खिलाड़ियों के चयन पर जिला एथलेटिक संघ के सचिव अनु कुमार और कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम के एथलेटिक कोच गौरव त्यागी ने उन्हें बधाई दी और एशियन गेम्स में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

