मैहर के नेशनल हाईवे-30 स्थित मेडिकल मल्टी एंड ट्रॉमा हॉस्पिटल में शिकायतों के बाद शनिवार को प्रशासनिक टीम ने औचक निरीक्षण किया। मैहर कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी के निर्देश पर अस्पताल की व्यवस्थाओं, मरीजों को मिल रही सुविधाओं और सुरक्षा मानकों की बारीकी से पड़ताल की गई। जांच टीम का नेतृत्व एसडीएम दिव्या पटेल ने किया। इसमें तहसीलदार जितेंद्र पटेल, नायब तहसीलदार सतनामी और मैहर सिविल अस्पताल के प्रभारी डॉ. आर.एन. पांडे सहित एक मेडिकल टीम शामिल थी। इसके अतिरिक्त, नगर पालिका, फायर सेफ्टी और मध्य प्रदेश विद्युत मंडल की टीमों ने भी अस्पताल से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। दस्तावेजों के साथ व्यवस्थाओं का लिया जायजा अधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती मरीजों को मिल रही सुविधाओं, डॉक्टरों की नियमित विजिट, अस्पताल के रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों की जांच की। बायोमेडिकल वेस्ट के निपटारे, फायर सेफ्टी मानकों और आयुष्मान योजना के तहत भर्ती मरीजों से संबंधित व्यवस्थाओं की भी पड़ताल की गई। कलेक्टर को सौंपी जाएगी रिपोर्ट एसडीएम दिव्या पटेल ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर शिकायतों की जांच के लिए टीम गठित की गई थी। टीम ने सभी बिंदुओं पर मौके पर जांच की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच अभी पूरी नहीं हुई है, इसलिए अंतिम स्थिति बताना संभव नहीं है। जांच पूरी होने के बाद पंचनामा और विस्तृत रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई निर्धारित होगी। इस अचानक हुई संयुक्त जांच से अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया।

