मूर्ति विसर्जन के दौरान डूबने से न हो मौतें–डीजीपी:पेट्रोलिंग में लापरवाही पर नपेंगे पुलिसकर्मी, त्योहारों पर जीरो कैजुअल्टी का लक्ष्य

मूर्ति विसर्जन के दौरान डूबने से न हो मौतें–डीजीपी:पेट्रोलिंग में लापरवाही पर नपेंगे पुलिसकर्मी, त्योहारों पर जीरो कैजुअल्टी का लक्ष्य

प्रदेश में चोरी, चेन स्नेचिंग और अन्य अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी। इसमें लापरवाही मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय होगी। वहीं, आगामी त्योहारों में मूर्ति विसर्जन और स्नान के दौरान डूबने तथा जुलूसों में करंट से होने वाली जनहानि को शून्य करने का लक्ष्य रखा गया है। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने गुरुवार को पुलिस मुख्यालय में ऑनलाइन उच्चस्तरीय अपराध समीक्षा बैठक में ये निर्देश दिए। बैठक में सभी जोनल अधिकारियों, पुलिस आयुक्तों, रेंज अधिकारियों और जिलों के पुलिस प्रमुखों को अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और जनशिकायतों के निस्तारण में सुधार के निर्देश दिए गए। डीजीपी ने कहा कि जीरो टॉलरेंस केवल नीति नहीं, बल्कि पुलिस की कार्यशैली का हिस्सा होना चाहिए। अपराध होने पर कार्रवाई के साथ उसके कारणों और रोकथाम में हुई चूक का भी विश्लेषण किया जाए। बीट पुलिसिंग मजबूत करने, मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर निगरानी और यक्ष ऐप की एसओएस सुविधा से अपराधियों व संदिग्ध वाहनों की सूचनाओं का त्वरित प्रसार करने पर जोर दिया गया। जनशिकायतों के निस्तारण की होगी समीक्षा थानों और चौकियों पर जनसुनवाई, पुलिसकर्मियों के व्यवहार और शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। आईजीआरएस शिकायतों की संख्या और उनके कारणों का विश्लेषण कर लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। डीजीपी ने 60 और 90 दिन से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं की नियमित समीक्षा कर उनका समयबद्ध निस्तारण करने को कहा। हत्या, लूट और चेन स्नेचिंग समेत गंभीर अपराधों के अनसुलझे मामलों की व्यक्तिगत समीक्षा कर साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर खुलासा करने के निर्देश दिए गए। गुमशुदा बच्चों के मामलों का होगा विश्लेषण गुमशुदा बच्चों की शीघ्र और सुरक्षित बरामदगी के लिए एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थानों की टीमों को परिजनों से जानकारी जुटाने और मामलों के बीच समानताओं का विश्लेषण करने को कहा गया। जिन क्षेत्रों में ऐसे मामले अधिक हैं, वहां विशेष समीक्षा होगी। बैठक में आरटीसी और जेडएफडी अभियान की समीक्षा के दौरान सड़क दुर्घटनाओं और यातायात जाम में कमी का उल्लेख किया गया। शहरी क्षेत्रों में जाम के कारणों का विश्लेषण कर नई कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए। आईजीओटी पर एक करोड़ कोर्स पूरे उत्तर प्रदेश पुलिस ने आईजीओटी प्लेटफॉर्म पर एक करोड़ से अधिक कोर्स पूरे कर देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। डीजीपी ने इस उपलब्धि पर पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रशिक्षण की गुणवत्ता और मैदानी कामकाज में उसके इस्तेमाल पर भी ध्यान दिया जाए। वीकेंड प्रशिक्षण में थाना स्तर और बीट पुलिसिंग से जुड़े व्यावहारिक विषयों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *