मुरादाबाद रेल मंडल की ट्रेनें निरस्त होने से यात्री परेशान:स्टेशन पर घंटो इंतजार के बाद भी नहीं मिलीं ट्रेन, स्टेशन पर घूमते रहे बदहाल यात्री

मुरादाबाद रेल मंडल की ट्रेनें निरस्त होने से यात्री परेशान:स्टेशन पर घंटो इंतजार के बाद भी नहीं मिलीं ट्रेन, स्टेशन पर घूमते रहे बदहाल यात्री

दिल्ली में चल रहे विरोध प्रदर्शन के कारण रेल यातायात पूरी तरह चरमरा गया है। रेलवे प्रशासन ने मुरादाबाद रेल मंडल से होकर दिल्ली जाने वाली 10 से अधिक ट्रेनों को निरस्त कर दिया है। इस फैसले से मुरादाबाद और आसपास के जिलों से दिल्ली की ओर सफर करने वाले यात्रियों को भारी किल्लत और दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे स्टेशनों पर यात्री घंटों से ट्रेनों के इंतजार में बैठे हैं, जिससे त्योहारों के इस सीजन में आम जनता की परेशानियां बढ़ गई हैं। मुरादाबाद जंक्शन पर ट्रेनों का इंतजार कर रहे पीलीभीत के निवासी कमल ने बताया कि वह सुबह करीब 11 बजे से दिल्ली जाने वाली ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्हें दिल्ली के एक अस्पताल से अपनी बीमार मां की दवा लेकर आनी है। दोपहर तक कोई ट्रेन न आने पर जब उन्होंने पूछताछ खिड़की पर संपर्क किया, तो उन्हें रात की एक ट्रेन की जानकारी दी गई। कमल का कहना है कि अगर रात में भी ट्रेन नहीं आई, तो वे मजबूरी में रोडवेज बस का सहारा लेंगे। वहीं, बरेली के रहने वाले राजेश ने बताया कि आज सुबह अपने 10 दोस्तों के साथ नोएडा जाने के लिए बरेली जंक्शन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। ट्रेन न मिलने पर उनके साथियों ने मुरादाबाद से ट्रेन मिलने की उम्मीद जताई, जिसके बाद सभी रोडवेज बस से मुरादाबाद आ गए। मुरादाबाद में भी काफी समय तक ट्रेन नहीं आई, तो उनके बाकी दोस्त पैसे खर्च कर रोडवेज बस से नोएडा के लिए निकल गए। लेकिन राजेश की जेब में मात्र 75 रुपये बचे होने के कारण वे बस का टिकट नहीं खरीद पाए। राजेश ने बताया कि अब उनके पास रात की ट्रेन का इंतजार करने के अलावा घर वापस लौटने का भी कोई रास्ता नहीं बचा है। मथुरा के रहने वाले रूपेश कुमार ने बताया कि वह दिल्ली में एक इवेंट के दौरान बाउंसर के रूप में काम करने जा रहे थे, लेकिन प्रदर्शन के कारण ट्रेनें रद्द होने से वे वहीं फंस गए हैं। यात्रियों का कहना है कि सामने नवरात्रि और दीपावली जैसे बड़े त्योहार हैं। ऐसे में अगर ट्रेनों का संचालन जल्द सामान्य नहीं किया गया, तो आम जनता की मुश्किलें और ज्यादा बढ़ जाएंगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *