मुरादाबाद में मंगलवार को सपा के पीडीए जनसंवाद कार्यक्रम में भाषण दे रहे राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन का मूड अचानक खराब हो गया। भाषण के बीच में माइक अचानक बंद होने से उखड़े सपा सांसद ने माइक फेंक दिया। इसके बाद वे अपना भाषण खत्म करके मंच पर पड़ी कुर्सी पर बैठ गए।
रामजीलाल सुमन मुरादाबाद के सिविल लाइंस में सपा के कार्यालय पर आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मंगलवार को शाम के करीब पांच बजे थे। तभी अचानक उनके भाषण के बीच में माइक बंद हो गया। इस पर रामजीलाल सुमन का मूड बिगड़ गया।
उन्होंने कहा, ये कैसी व्यवस्था है। माइक बंद होते ही कार्यकर्ता तुरंत उसे दुरुस्त करने के लिए दौड़े। लेकिन करीब 30 सेकेंड के अंदर ही रामजी लाल सुमन ने माइक फेंक दिया और अपना भाषण खत्म करके मंच पर बैठ गए। इस दौरान कार्यकर्ता कहते रहे कि बिजली चली गई है, माइक को इनवर्टर से चालू कर रहे हैं। 2 मिनट बाद माइक ठीक भी हो गया, लेकिन रामजीलाल सुमन ने भाषण नहीं दिया।
इसके पहले उन्होंने अपने भाषण में कहा कि, भाजपा दलित विरोधी है। रामजीलाल सुमन ने कहा कि भाजपा ने शुरू से ही दलितों का विरोध और अपमान किया है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और पब्लिक से 15 नवंबर को सपा की ओर से आगरा में आयोजित किए जा रहे दलित सम्मेलन में जुटने की अपील की। कार्यक्रम में पूर्व विधायक हाजी रिजवान, पूर्व विधायक हाजी यूसुफ अंसारी,पूर्व जिलाध्यक्ष अतहर अंसारी, महानगर अध्यक्ष इकबाल अंसारी, पूर्व मंत्री जुगल किशोर वाल्मीकि, जयवीर यादव आदि मौजूद रहे।

