मुरादाबाद में ईंट से सिर कूचकर फैक्ट्री कर्मी की हत्या:शराब की दुकान के पास सोया था फर्म कर्मी,3 युवकों ने नृशंसता से मारा

मुरादाबाद में ईंट से सिर कूचकर फैक्ट्री कर्मी की हत्या:शराब की दुकान के पास सोया था फर्म कर्मी,3 युवकों ने नृशंसता से मारा

मुरादाबाद में एक फैक्ट्री कर्मी की ईंट से सिर कूचकर नृशंसता से हत्या कर दी गई। फर्म कर्मी शराब की दुकान के पास सो रहा था। तीन युवकों ने ईंटों से उसका सिर कूचकर उसे मार डाला। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपियों को ट्रेस कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी सतपाल अंतिल ने टीमों का गठन किया है।
मुरादाबाद में मझोला थाना क्षेत्र के सूर्य नगर मानपुर नारायणपुर के रहने वाले सुरेश सैनी एक एक्सपोर्ट फैक्ट्री में काम करता था। मंगलवार शाम को अपने फर्म से काम खत्म करके घर लौटा था। परिजनों के अनुसार मंगलवार रात करीब 8 बजे वह पत्नी से कुछ देर में आने की बात कहकर घर से निकल गया था। लेकिन वापस नहीं लौटा। बुधवार सुबह मझोला क्षेत्र में एक शराब की दुकान के पास उसका खून से लथपथ शव बरामद हुआ। पुलिस ने जब आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो फुटेज में तीन युवक शराब की दुकान के पास लेटे सुरेश को पहले लातों से मारते नजर आए बाद में पास में पड़ी ईंट से उनके सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहा है कि हमलावरों ने एक ईंट टूटने के बाद दूसरी ईंट उठाकर उससे फैक्ट्री कर्मी के सिर को कूचकर उसे मार डाला। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग गए। खून से सनी ईंट भी पुलिस को मौके पर पड़ी मिली है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज की मदद से तीनों हमलावरों की पहचान अभय, तुषार (उर्फ चाऊ) और विवेक शर्मा के रूप में हुई है। मुख्य आरोपी विवेक शर्मा बेहद शातिर अपराधी है, जो पिछले साल जुलाई में हुई अमन शुक्ला की हत्या में भी शामिल था। वह इस वारदात से महज 15 दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था और बाहर आते ही उसने दूसरी हत्या को अंजाम दे डाला। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी तुषार कुछ महीने पहले चोरी के एक मामले में जेल गया था। तुषार को शक था कि सुरेश सैनी ने ही पुलिस से उसकी मुखबिरी की थी। इसी का बदला लेने के लिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर सुरेश की हत्या की योजना बनाई। मंगलवार की रात जब उन्होंने सुरेश को शराब की दुकान के पास अकेले देखा, तो मौका पाकर उसकी हत्या कर दी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *