मुजफ्फरनगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के संतोष विहार में मंगलवार को एक कारोबारी के बंद मकान में आग लग गई। मकान से धुआं और आग की लपटें उठने की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची। एफएसओ रामकिशोर यादव के नेतृत्व में दो गाड़ियों से पहुंची टीम ने आग बुझाना शुरू किया। आग कारोबारी शुभम कुमार सिंह के मकान में लगी थी। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे घटित हुई इस घटना के समय मकान पर ताला लटका हुआ था। शुभम कुमार सिंह सुबह ही कहीं निकल गए थे और घर पर कोई भी मौजूद नहीं था। ऐसे में फायर ब्रिगेड के लोगों को आग बुझाने के लिए मकान के भीतर पहुंचने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। सीढ़ियां लगाकर छत पर पहुंचे फायर कर्मियों ने छत पर लगे जाल को तोड़कर घर के भीतर प्रवेश किया और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। इसी दौरान कारोबारी शुभम कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घर का मुख्य गेट खोल दिया, जिसके बाद दमकल विभाग की टीम को मकान के अंदर पहुंचने और आग बुझाने में सहूलियत हुई। दमकल विभाग की टीम ने काफी देर तक मशक्कत की। आग पर काबू पाने के लिए दो दमकल गाड़ियां मौके पर लगाई गई थीं। घंटों की कोशिश के बाद आखिरकार आग बुझा दी गई। हालांकि, तब तक एक कमरे में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो चुका था। अभी आग से हुए नुकसान का सटीक आकलन सामने नहीं आया है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।

