मुंबई मंडल के स्टेशनों पर WR का बड़ा एक्शन, गंदगी और अनियमितता के चलते 39 कैटरिंग दुकानें बंद

मुंबई मंडल के स्टेशनों पर WR का बड़ा एक्शन, गंदगी और अनियमितता के चलते 39 कैटरिंग दुकानें बंद

Indian Railway: रेलवे स्टेशनों पर खाने-पीने की दुकानों में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पश्चिम रेलवे ने बड़ी कार्रवाई की है। मुंबई सेंट्रल डिवीजन में 15 अगस्त से चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता और हाइजीन अभियान के दौरान 39 कैटरिंग आउटलेट बंद कर दिए गए। रेलवे की जांच में खाद्य सुरक्षा, साफ-सफाई और संचालन से जुड़े नियमों में खामियां मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, अभियान के तहत स्टेशन और प्लेटफॉर्म पर संचालित कैटरिंग स्टॉल, चाय की दुकानों, जूस कियोस्क और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। इसका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

नियमों का पालन करने पर 20 आउटलेट फिर खुले

जांच के दौरान बंद किए गए 39 आउटलेट में से 20 को दोबारा खोलने की अनुमति दे दी गई है। इन दुकानों के संचालकों ने रेलवे की ओर से बताई गई कमियों को दूर किया और निर्धारित जुर्माना जमा किया। इसके बाद अधिकारियों ने दोबारा जांच कर अनुपालन की पुष्टि की और उन्हें संचालन की अनुमति दी।

इस कार्रवाई के दौरान रेलवे ने कैटरिंग संचालकों से कुल 3.80 लाख रुपये का जुर्माना वसूला है।

बांद्रा टर्मिनस के चाय स्टॉल पर ठोका सबसे ज्यादा जुर्माना

कार्रवाई के दौरान सबसे ज्यादा 1 लाख रुपये का जुर्माना बांद्रा टर्मिनस के प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 पर संचालित M/s Mahendra Jain के चाय स्टॉल पर लगाया गया।

रेलवे के मुताबिक, स्टॉल में पाई गई कमियों को दूर करने और अनुपालन जांच पूरी होने के बाद 20 अगस्त को इसे दोबारा खोलने की अनुमति दी गई।

वहीं, बांद्रा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 और 5 पर Om Prakash Chandra Sen के जूस कियोस्क पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। आवश्यक सुधार और जांच के बाद 24 अगस्त को कियोस्क फिर से खोल दिया गया।

19 कैटरिंग आउटलेट अभी भी बंद

रेलवे की जांच में बंद किए गए 39 आउटलेट में से 19 कैटरिंग यूनिट अभी भी बंद हैं। इन पर 22 से 24 अगस्त के बीच कार्रवाई की गई थी।

इनमें सूरत के 7 चाय स्टॉल, वापी के 6, वलसाड के 3, बोरीवली के 2 कैटरिंग यूनिट और दादर का 1 चाय स्टॉल शामिल है।

सुधार और जांच के बाद ही दोबारा शुरू होगा कारोबार

पश्चिम रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इन 19 यूनिट को तब तक दोबारा संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी, जब तक संबंधित संचालक रेलवे की ओर से बताई गई कमियों को दूर नहीं कर लेते, लागू जुर्माना जमा नहीं करते और औपचारिक अनुपालन जांच में सफल नहीं होते।

रेलवे का कहना है कि मुंबई सेंट्रल डिवीजन के विभिन्न स्टेशनों पर नियमित निरीक्षण जारी रहेगा। यात्रियों की खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले कैटरिंग आउटलेट के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *