मुंबई के व्यस्त इलाके में बनेगा नया फ्लाईओवर, आधे घंटे का सफर 10 मिनट में होगा पूरा- क्या है BMC का प्लान

मुंबई के व्यस्त इलाके में बनेगा नया फ्लाईओवर, आधे घंटे का सफर 10 मिनट में होगा पूरा- क्या है BMC का प्लान

Mumbai New Flyover: मुंबई के पश्चिमी उपनगर अंधेरी (पश्चिम) के निवासियों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) द्वारा यारी रोड और लोखंडवाला बैक रोड जंक्शन (अमरनाथ टावर के पास) पर एक नए फ्लाईओवर का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। बीएमसी के अतिरिक्त आयुक्त (परियोजना) अभिजीत बांगर ने हाल ही में निर्माण स्थल का दौरा कर परियोजना की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को इस फ्लाईओवर का निर्माण कार्य दिसंबर 2027 तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

30 मिनट का सफर महज 10 मिनट में होगा तय

इस 206 मीटर लंबे पुल के बनने से अंधेरी (पश्चिम) क्षेत्र में रोजाना लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से लोगों को बड़ी मुक्ति मिलेगी। वर्तमान में जिस दूरी को तय करने में वाहन चालकों को लगभग आधा घंटा लगता है, वह इस फ्लाईओवर के शुरू होने के बाद महज 10 मिनट रह जाएगा।

कवठे खाड़ी पर बनेगा 206 मीटर लंबा पुल

बीएमसी के विकास योजना प्रारूप के तहत अंधेरी पश्चिम में कवठे खाड़ी के पूर्व और पश्चिमी हिस्से में 18.30 मीटर चौड़ी विकास योजना सड़क प्रस्तावित है। हालांकि, कवठे खाड़ी के कारण इस सड़क का निर्माण पूरा करने में बाधा आ रही थी। इसी समस्या को दूर करने के लिए खाड़ी पर फ्लाईओवर बनाने का काम शुरू किया गया है।

प्रस्तावित पुल से यारी रोड, पंचमार्ग और वर्सोवा क्षेत्र का सरदार वल्लभभाई पटेल नगर, लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स और समर्थनगर से सीधा संपर्क बेहतर होगा।

पुल की क्या हैं खासियतें?

इस फ्लाईओवर की कुल लंबाई 206 मीटर होगी। इसमें कवठे खाड़ी के ऊपर बनने वाले मुख्य पुल की लंबाई 110 मीटर और चौड़ाई 11 मीटर होगी।

पुल के दोनों तरफ संपर्क मार्ग भी बनाए जाएंगे। सरदार वल्लभभाई पटेल नगर की ओर संपर्क मार्ग की लंबाई 40 मीटर और अमरनाथ टॉवर की ओर संपर्क मार्ग की लंबाई 56 मीटर होगी। मुख्य पुल और संपर्क मार्गों की चौड़ाई समान रखी जाएगी।

सी लिंक और कोस्टल रोड से भी जुड़ेगा

इस पुल के बनने से वर्सोवा और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों के दैनिक आवागमन का समय काफी कम होने की उम्मीद है। इसके साथ ही इलाके में यातायात का दबाव कम करने और पूर्व-पश्चिम दिशा में बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।

फिलहाल कवठे खाड़ी के कारण आसपास के इलाकों के बीच सीधा संपर्क प्रभावित होता है। पुल बनने के बाद यारी रोड, लोखंडवाला और आसपास के क्षेत्रों के बीच आवाजाही आसान होगी।

आगामी वर्सोवा-बांद्रा सी लिंक और मुंबई कोस्टल रोड परियोजना के उत्तरी हिस्से के शुरू होने के बाद यह पुल एक वैकल्पिक मार्ग के रूप में भी काम कर सकेगा। इस परियोजना से वर्सोवा, यारी रोड, लोखंडवाला और आसपास के इलाकों में आवागमन आसान होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *